प्रवेशोत्सव के साथ आंगनवाड़ी में नामांकन अभियान शुरू, खेल-आधारित गतिविधियों से बच्चों के सीखने पर रहेगा जोर
बावड़ी (मिश्रीलाल लखारा) महिला एवं बाल विकास विभाग के निर्देशन में ब्लॉक बावड़ी के चटालीया गांव के स्थित आंगनवाड़ी केंद्र पर प्रवेशोत्सव एवं नामांकन अभियान का आयोजन किया गया। इस दौरान कार्यक्रम का शुभारंभ बाल विकास परियोजना अधिकारी एल एस आशा सिंह के मुख्य आतिथ्य में हुआ।
कार्यक्रम के दौरान 5 नए बच्चों का नामांकन किया गया तथा पूर्व से नामांकित 10 बच्चों का विकासात्मक आकलन एवं स्वास्थ्य जांच की गई। सभी बच्चों का तिलक एवं पुष्पमाला पहनाकर आत्मीय स्वागत किया गया। और साथ ही अभिभावकों को बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा घर पर प्रतिदिन सीखने एवं खेल-आधारित गतिविधियाँ करवाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर वीनू मैडम ने कहा कि प्रारंभिक बाल्यावस्था बच्चों के समग्र विकास की सबसे महत्वपूर्ण अवस्था होती है। इस दौरान गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा, उचित पोषण एवं खेल-आधारित सीखने की प्रक्रिया बच्चों के बौद्धिक, सामाजिक एवं भावनात्मक विकास की मजबूत नींव रखती है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अधिक से अधिक बच्चों का आंगनवाड़ी केंद्रों पर नामांकन कराने तथा विभाग द्वारा संचालित सेवाओं का नियमित लाभ लेने का आह्वान किया गया। इस दौरान गैर-सरकारी संस्था प्रथम एज्युकेशन फाउंडेशन के ब्लॉक समन्वयक राजूराम बिश्नोई ने बताया कि वर्तमान सत्र में ब्लॉक बावड़ी के आंगनवाड़ी केंद्रों पर संस्था द्वारा तकनीकी एवं शैक्षणिक सहयोग प्रदान किया जाएगा। इन केंद्रों पर विभिन्न शिक्षण एवं आकलन स्टॉल लगाए गए हैं, जहाँ बच्चों की माताओं की उपस्थिति में बच्चों की सीखने की क्षमता का आकलन किया जाएगा।
इसमें माता-पिता का नाम बताना, संतुलन बनाकर चलना, चित्र पहचान,छोटा-बड़ा पहचान, रंग पहचान, गिनती एवं अंक पहचान, अक्षर पहचान, भाव पहचान तथा रंग भरने जैसी गतिविधियों के माध्यम से बच्चों का स्तर जांचा जाएगा। उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया से अभिभावकों को अपने बच्चों की वर्तमान सीखने की स्थिति की स्पष्ट जानकारी मिलेगी, जिससे वे घर पर नियमित रूप से बच्चों के साथ सीखने संबंधी गतिविधियाँ कर सकेंगे। इससे बच्चों के सर्वांगीण विकास को गति मिलेगी तथा विद्यालय पूर्व शिक्षा की गुणवत्ता में भी सुधार होगा। इस अवसर पर में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता बाहु, सहयोगिनी, प्रथम टीम सदस्य तिलोक मेघवाल, नैनी जाखड़, एस एल आशा सिंह, मंजू, लक्ष्मी, इंदिरा, ममता, पार्वती सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे। इस अवसर पर सभी ने अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करने तथा अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।


