सहकार सप्ताह के तहत जिला सहकारी विकास समिति की बैठक आयोजित, विभिन्न सहकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा
खैरथल (हीरालाल भूरानी) सहकार सप्ताह के आयोजन की श्रृंखला में शुक्रवार को जिला सचिवालय सभागार में अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट की अध्यक्षता में जिला सहकारी विकास समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिले में सहकारिता क्षेत्र से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की विस्तार से समीक्षा की गई। अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने पैक्सों के आर्थिक सुदृढ़ीकरण, नई प्राथमिक दुग्ध सहकारी समितियों की स्थापना, निष्क्रिय सहकारी समितियों को पुनः सक्रिय करने तथा सहकारी समितियों के भूमि आवंटन से संबंधित लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने नवगठित पैक्सों को केंद्रीय सहकारी बैंक (सीसीबी) की सदस्यता प्रदान करने, प्राथमिक दुग्ध सहकारी समितियों को जिला डेयरी संघ की सदस्यता दिलाने तथा मुंडावर केवीएस में गोदाम निर्माण सहित अन्य विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में डीपीएम नाबार्ड, उप रजिस्ट्रार सहकारिता, पशुपालन, रसद, कृषि, डेयरी विभाग तथा केंद्रीय सहकारी बैंक (सीसीबी) के प्रतिनिधियों सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


