राशन उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत: जुलाई में ही मिलेगा तीन महीने का गेहूं
खैरथल (हीरालाल भूरानी)। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना (NFSA) के तहत जिले के राशन उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। अब उपभोक्ताओं को जुलाई माह में ही आगामी तीन महीनों का गेहूं एक साथ मिल सकेगा। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं।
आदेशानुसार, अगस्त और सितंबर 2026 के लिए आवंटित गेहूं का वितरण भी जुलाई के नियमित राशन के साथ ही कर दिया जाएगा। जिला रसद अधिकारी (DSO) राकेश सोनी ने बताया कि जिले की सभी उचित मूल्य (राशन) की दुकानों पर इस तीन माह के एकमुश्त गेहूं वितरण को लेकर विभाग द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
- 6 लाख से अधिक उपभोक्ताओं को मिलेगा लाभ
जिला रसद अधिकारी के अनुसार, जिले में वर्तमान में कुल 374 उचित मूल्य की दुकानें संचालित हैं। खाद्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत जिले में 1 लाख 35 हजार 804 राशन कार्ड पंजीकृत हैं, जिनके माध्यम से कुल 6 लाख 5 हजार 948 यूनिट (लाभार्थी) इस व्यवस्था से सीधे लाभान्वित होंगे। विभाग के इस फैसले से उपभोक्ताओं को बार-बार राशन की दुकान पर नहीं जाना पड़ेगा।


