एंटी डेंगू माह की शुरुआत, पूरे जुलाई चलेगा अभियान; घर-घर होगी लार्वा जांच, स्कूलों में प्रतियोगिताएं, 'चैक, क्लीन एंड कवर' का दिया जाएगा संदेश
खैरथल (हीरालाल भूरानी) मानसून के दौरान डेंगू के बढ़ते खतरे को देखते हुए राज्य सरकार के निर्देशानुसार जुलाई माह को एंटी डेंगू माह के रूप में मनाया जाएगा। पूरे माह जिलेभर में जनजागरूकता, मच्छरों के प्रजनन स्थलों को नष्ट करने और जनभागीदारी के माध्यम से डेंगू की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरविन्द गेट ने बताया कि अभियान के तहत चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग अन्य विभागों के समन्वय से व्यापक गतिविधियां संचालित करेगा। आमजन को "चेक, क्लीन एंड कवर" (जांच करें, सफाई करें और ढककर रखें) का संदेश देकर घरों और आसपास मच्छरों के पनपने वाले स्रोतों को समाप्त करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
अभियान के दौरान डोमेस्टिक ब्रीडिंग चेकर्स घर-घर जाकर कूलर, पानी की टंकियों, गमलों तथा अन्य जलपात्रों में डेंगू फैलाने वाले मच्छरों के लार्वा की जांच करेंगे। जलभराव वाले स्थानों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई भी की जाएगी।
डेंगू से बचाव के प्रति बच्चों और आमजन को जागरूक करने के लिए विद्यालयों में निबंध, चित्रकला, पोस्टर एवं जागरूकता प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। वहीं सोशल मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और स्थानीय माध्यमों से भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए जिले में रैपिड रिस्पॉन्स टीमों को अलर्ट रखा गया है तथा जांच, दवाइयों और अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।
साफ रखें जलपात्र, पानी जमा न होने दें
सीएमएचओ डॉ. अरविन्द गेट ने आमजन से अपील की कि घरों और आसपास कहीं भी पानी जमा न होने दें। कूलर, टंकियों, गमलों और अन्य जलपात्रों की नियमित सफाई करें तथा उन्हें हमेशा ढककर रखें। उन्होंने कहा कि डेंगू की रोकथाम केवल विभागीय प्रयासों से नहीं, बल्कि जनसहयोग और सामूहिक भागीदारी से ही संभव है।


