धनारी कलां में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन, शिक्षा, खेल और समाज सेवा में उत्कृष्ट योगदान देने वाले हुए सम्मानित
भीम सेवा समिति ने 50 से अधिक प्रतिभाओं का किया सम्मान, विद्यार्थियों का बढ़ाया उत्साह
बावड़ी (मिश्रीलाल लखारा) बावड़ी उपखंड क्षेत्र धनारी कला भीम सेवा समिति धनारी कलां के तत्वावधान में रविवार को ग्रामीण स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह के द्वितीय चरण का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। समारोह में शिक्षा, खेल, समाज सेवा एवं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 50 से अधिक प्रतिभाओं को स्मृति चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह में शैक्षणिक सत्र 2025-26 में 60 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही नवनियुक्त सरकारी कर्मचारियों, समाजसेवियों, भामाशाहों तथा खेलकूद सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले प्रतिभागियों का भी सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
शैक्षणिक उपलब्धियों में कक्षा 12वीं के छात्र नरेंद्र कड़ेला ने 97 प्रतिशत अंक प्राप्त कर क्षेत्र में प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि कक्षा 10वीं के छात्र प्रियांशु धान्धु ने 96 प्रतिशत अंक प्राप्त कर गांव एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया। दोनों मेधावी विद्यार्थियों को समारोह में विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
संस्था अध्यक्ष सेठाराम धान्धु ने बताया कि प्रतिभा सम्मान समारोह का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की उभरती प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना तथा शिक्षा और सकारात्मक कार्यों के प्रति युवाओं को प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में शिक्षा, प्रतिभा और सेवा भाव को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में समिति के उपाध्यक्ष सोहन भील, कोषाध्यक्ष जेठाराम हींगड़ा, कैलाश वाल्मीकि, पुखराज लिड़िया, सतपाल हींगड़ा, आईदान धान्धु, रंजीत धान्धु, विद्यार्थी, सरकारी कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


