हथौड़ी की ऐतिहासिक बावड़ी पर मनाया गया विश्व ग्रामीण विकास दिवस, हुआ कदंब का पौधारोपण
भरतपुर,( विष्णु मित्तल) विश्व ग्रामीण विकास दिवस के अवसर पर समृद्ध ग्राम्य अभियान सोसायटी द्वारा ग्राम हथौड़ी(वैर) की ऐतिहासिक बावड़ी परिसर में कदंब के पौधों का रोपण एवं ग्रामीण विकास जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन, ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण तथा जनभागीदारी के माध्यम से सतत एवं समृद्ध ग्रामीण विकास का संदेश देना रहा।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के समृद्ध ग्राम्य अभियान सोसायटी के स्टेट हेड पुनीत गुप्ता, अभियंता मनीष, कन्हैयालाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। समृद्ध ग्राम्य अभियान सोसायटी के निदेशक सीताराम गुप्ता ने कहा कि विश्व ग्रामीण विकास दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि गांवों को जल-सुरक्षित, हरित और आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि कदंब भारतीय संस्कृति, जैव विविधता और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक वृक्ष है। ऐतिहासिक जल संरचनाओं के आसपास ऐसे वृक्षों का रोपण पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ इन धरोहरों की गरिमा भी बढ़ाता है। उन्होंने सभी नागरिकों से पौधारोपण के साथ पौधों के संरक्षण का भी आह्वान किया।
इस अवसर पर स्टेट हेड पुनीत गुप्ता ने कहा कि ग्रामीण विकास का वास्तविक आधार जल संरक्षण, हरित पर्यावरण और जनसहभागिता है। हथौड़ी की ऐतिहासिक बावड़ी हमारी समृद्ध जल परंपरा की धरोहर है। इसके संरक्षण के साथ स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप कदंब जैसे छायादार एवं पर्यावरण के लिए उपयोगी वृक्षों का रोपण आने वाली पीढ़ियों के लिए अमूल्य धरोहर सिद्ध होगा।


