विकास कार्यों एवं बजट घोषणाओं की प्रगति समीक्षा बैठक आयोजित, बजट घोषणाओं को समयावधि में गुणवत्तापूर्ण उतारें धरातल पर-जिला कलक्टर
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) जिला कलक्टर कमर चौधरी की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में बजट घोषणाओं तथा जिले में संचालित विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बजट घोषणाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, वर्तमान विकास कार्यों की स्थिति तथा आगामी कार्ययोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिला कलक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि बजट घोषणाओं को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से धरातल पर उतारना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों को विभागीय समन्वय के साथ करते हुए योजनाओं का लाभ आमजन तक समय पर पहुंचाया जाए। साथ ही लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण, वित्तीय स्वीकृतियों के त्वरित उपयोग एवं निविदा प्रक्रियाओं को समय पर पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया।
जिला कलक्टर ने बजट घोषणाओं के तहत नदबई में मिनी सचिवालय का निर्माण, जिले में स्वीकृत 33/11 केवी जीएसएस का निर्माण, बयाना में 220 केवी जीएसएस निर्माण, प्रत्येक पंचायत समिति स्तर पर चरणबद्ध रूप से नमो वन विकसित करना, घना पक्षी विहार में पक्षियों के रोगों के उपचार के लिए विशेष केंद्र की स्थापना, 15 करोड़ रुपये की लागत से हनी बी कीपिंग हेतु सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की प्रगति की विस्तार से समीक्षा कर नियमित मॉनिटिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण ऐतिहासिक एवं पुरामहत्व के स्थलों के सौंदर्यीकरण के कार्यों, गोविंद स्वामी पैनोरमा, श्रीगोकुला जाट एवं राजा खेमकरण पैनोरमा के कार्यों को शीघ्रता से धरातल पर साकार करने के निर्देश दिए। उन्होंने मेडिकल कॉलेज भरतपुर में स्पाइनल इंजरी सेंटर की स्थापना, दिव्यांगजनों के लिए रिहैबिलिटेशन सेंटर का उन्नयन, विज्ञान केंद्र की स्थापना एवं आरबीएम अस्पताल में आधारभूत सुविधाओं का विकास की बजट घोषणाओं के कार्यों को गुणवत्ता के साथ समयबद्धता से पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने शहर में सड़कों, फ्लाईओवर निर्माण में आमलोगों के आवागमन के लिए वैकल्पिक इंतजाम करने, नगर निगम व बीडीए को ड्रेनेज से संबंधित बजट घोषणाओं के कार्यो को गति देते हुए निर्धारित समय में पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्मार्ट सिटि की तर्ज पर नगर निगम में कट्रॉल रूम बनाते हुए कचरा संग्रहण वाहनों एवं कचरा निस्तारण प्रक्रिया की मॉनिटिंग सीसी कैमरों से करने के निर्देश दिए। उन्होंने इलैक्ट्रॉनिक वाहनों के लिए चार्जिग स्टेशन बनाने के लिए घोड़ा घाट, गंगा मान्दिर, हीरादास, कुम्हरगेट, सेवर व शास्त्री पार्क के पास विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जवाहर नगर क्षेत्र से आने वाले पानी की निकासी हेतु शास्त्री पार्क के समीप होते हुए डीसी ऑफिस होकर यातायात चौराहे तक नाला निर्माण प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने बालिका सैनिक स्कूल एवं स्पोर्टस स्कूल की स्थापना के लिए टेंडर आदि प्रक्रिया को पूरी कराते हुए निर्माण कार्य की सतत मॉनिटिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में 5 हजार से अधिक आबादी की पंचायतों में जिम एवं खेल मैदान विकसित करने के कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर सीईओ जिला परिषद मृदुल सिंह, अतिरिक्त कलक्टर शहर राहुल सैनी, डीएफओ चेतन कुमार बीवी, आयुक्त नगर निगम श्रवण विश्नोई, जल संसाधन विभाग के एसई बनैसिंह, सार्वजनिक निर्माण विभाग रिद्धिचंद मीणा, सीएमएचओ डॉ. गौरव कपूर, पीएमओ नगेन्द्र भदौरिया सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


