पालनहार योजना के लाभार्थी सत्र 2026-27 हेतु समय पर करवाएं वार्षिक सत्यापन
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) मुख्यमंत्री पालनहार योजना के अंतर्गत सत्र 2026-27 के लाभार्थियों का वार्षिक सत्यापन कार्य प्रारंभ हो चुका है। योजना का लाभ निरंतर प्राप्त करने के लिए सभी पात्र लाभार्थियों को अध्ययनरत प्रमाण पत्र बनवाकर शहरी व ग्रामीण सेवा शिविरों में सत्यापन करवाना होगा।
संयुक्त निदेशक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग श्याम सुन्दर शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री पालनहार योजना के अंतर्गत प्रत्येक वर्ष लाभार्थियों का वार्षिक सत्यापन कराया जाता है। वर्तमान सत्र 2026-27 के लिए सत्यापन प्रक्रिया संचालित की जा रही है। उन्होंने सभी लाभार्थी अपने बच्चों का वर्तमान में अध्ययनरत प्रमाण-पत्र संबंधित विद्यालय से प्राप्त कर ई-मित्र केंद्र के माध्यम से यथाशीघ्र सत्यापन करवाएं, ताकि योजना के अंतर्गत मिलने वाली सहायता राशि का भुगतान नियमित रूप से जारी रह सके।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा प्रदेशभर में आयोजित किए जा रहे ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों में भी पालनहार योजना के लाभार्थी आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचकर अपना वार्षिक सत्यापन करवा सकते हैं। शिविरों में संबंधित विभाग के अधिकारी एवं कार्मिकों द्वारा लाभार्थियों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है।


