गोविंदगढ़ में शहरी सेवा शिविर, एक ही छत के नीचे मिला योजनाओं का लाभ; विधायक सुखवंत सिंह ने बांटे पट्टे
अलवर जिले की गोविंदगढ़ नगर पालिका परिसर में 'शहरी सेवा शिविर' का आयोजन किया गया। शिविर में आमजन की समस्याओं का निस्तारण किया गया और योजनाओं का लाभ दिया गया।
रामगढ़ विधायक सुखवंत सिंह ने लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना की किस्तें और मालिकाना हक के पट्टे वितरित किए। इस दौरान मानव सेवा समिति और महात्मा गांधी विद्यालय (रामबास) को भी पट्टे जारी किए गए।
- शिविर के काम में लाई जा रही तेजी-विधायक
विधायक सुखवंत सिंह ने बताया कि ये शहरी सेवा शिविर आमजन की सुविधा और राहत के लिए आयोजित किए जा रहे हैं। अक्सर लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए अलग-अलग सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। हमारा लक्ष्य है कि नागरिकों को एक ही छत के नीचे सभी समस्याओं का समाधान मिले।
विधायक ने स्वीकार किया कि शिविर में जितने कार्य होने चाहिए थे, उतने नहीं हो पाए हैं, लेकिन अब इसमें तेजी लाई जाएगी। कई कार्यों में स्वामित्व (टाइटल) संबंधी तकनीकी समस्याएं आ रही थीं। इन समस्याओं के समाधान के लिए अब शिविर के दौरान अधिशासी अधिकारी (EO) को सीधे अधिकार दिए गए हैं, जिससे कार्य में सुगमता आएगी।
विधायक ने नगर पालिका के कनिष्ठ अभियंता (JEN), ईओ और अन्य कर्मचारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पंक्ति के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है।
शिविर में रामगढ़ विधायक सुखवंत सिंह के साथ पूर्व सरपंच गंगा प्रसाद यादव, समाजसेवी रामेश्वर रावत, पूर्व मंडल अध्यक्ष रविंद्र शर्मा, मंडल अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा, नगर पालिका के कनिष्ठ अभियंता नवीन दुआ सहित पालिका के कर्मचारी और बड़ी संख्या में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक व आमजन उपस्थित रहे।


