राजकीय महाविद्यालय मुंडावर में नशा मुक्ति पर विशेष व्याख्यान आयोजित
खैरथल (हीरालाल भूरानी)। राजकीय महाविद्यालय मुंडावर में बुधवार को विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में युवाओं को नशे की गंभीर समस्या से बचाने और समाज को जागरूक करने पर बल दिया गया।
- नशे से दूर रहने और जागरूकता फैलाने की दिलाई शपथ
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राजकीय ब्लॉक आयुष चिकित्सालय मुंडावर (खैरथल-तिजारा) के होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. अखिलेश यादव रहे। उन्होंने युवाओं में तेजी से बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए इससे होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसानों से विद्यार्थियों को अवगत कराया। डॉ. यादव ने सभी छात्र-छात्राओं को स्वयं नशे से दूर रहने और समाज में इसके विरुद्ध अलख जगाने की शपथ भी दिलाई।
- युवा शक्ति ही देश का भविष्य: प्रो. अलवरिया
महाविद्यालय के 'नई किरण - नशा मुक्ति केंद्र' के प्रभारी प्रो. ओम प्रकाश अलवरिया ने मुख्य वक्ता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि "युवा शक्ति ही देश का स्वर्णिम भविष्य है, इसलिए उन्हें सही समय पर सही मार्गदर्शन देना अत्यंत आवश्यक है।"
इस दौरान महाविद्यालय के प्रो. नूरजमा खां, श्रीमती सीमा देवी, दिनेश भूटानी, राहुल सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

