35 लाख के पशु नियंत्रण व 20 लाख की नाला सफाई के दावों की खुली पोल, नाले अब भी कचरे से पटे
नगर परिषद् का 1050 पशु पकड़ने का दावा, लेकिन स्टेशन से मंडी तक गायों व कुत्तों का जमावड़ा
खैरथल (हीरालाल भूरानी) नगर परिषद क्षेत्र को आवारा पशुओं, अतिक्रमण और गंदगी से मुक्त कराने के लिए चलाए गए अभियान और जारी किए गए लाखों रुपए के टेंडर के बावजूद स्थितियां जस की तस हैं। पशु नियंत्रण के लिए 35 लाख रुपए और नाला सफाई के नाम पर करीब 20 लाख रुपए खर्च किए जाने के बाद भी शहर की प्रमुख सड़कों पर आवारा मवेशियों का जमावड़ा है। वहीं नाले गाद और कचरे से पटे पड़े हैं।
नगर परिषद ने बंदर और गोवंश पकड़ने के लिए केपी कंस्ट्रक्शन खैरथल को 15 लाख रुपए और कुत्तों के बधियाकरण वैक्सीनेशन के लिए सिद्धि वेलफेयर सोसाइटी झुंझुनूं को 15 लाख रुपए का ठेका दिया। परिषद के अनुसार, एक वर्ष में 550 बंदर, 100 से अधिक गोवंश और 578 कुत्तों सहित कुल 1050 पशुओं को पकड़ा गया। जबकि रेलवे स्टेशन, चूड़ी मार्केट, किशनगढ़ रोड, मातोर रोड, पुरानी मंडी, आनंद नगर, हेमू कालानी चौक और अंबेडकर सर्किल जैसे क्षेत्रों में आज भी गोवंश और कुत्तों के झुंड नजर आ रहे हैं।
हादसों का कारण बन रहे क्षेत्र में खुले नाले और आवारा पशु
शहर में आवारा पशुओं और खुले नालों के कारण दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता है। हाल ही में 10 जुलाई को रेलवे प्लेटफॉर्म पर दंपत्ति पर बंदरों ने हमला किया। आनंद नगर में 6 वर्षीय बालक को कुत्तों ने घायल कर दिया। सोमवार रात गौरव पथ पर आवारा कुत्तों के पीछे पड़ने से से बाइक सवार राकेश पुत्र अमीलाल मेघवाल की बाइक 5 फीट गहरे खुले नाले में गिर गई, जिससे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। शहर के 16 प्रमुख नालों की सफाई पर 20 लाख रुपए खर्च करने का दावा किया गया है, लेकिन कई स्थानों पर नाले अब भी कचरे से भरे हैं।
सफाई के बाद निकाली गई गाद को मौके पर छोड़ देने से बारिश के दौरान जलभराव की समस्या उत्पन्न हो रही है। स्थानीय लोगों ने टेंडर निष्पादन की कमजोर मॉनिटरिंग और कायों के भौतिक सत्यापन में ढिलाई का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है।
इस संबंध में जिला कलैक्टर अतुल प्रकाश कहना है कि शहर में सफाई, आवारा पशुओं की समस्या और अतिक्रमण को लेकर नगर परिषद को कार्रवाई के निर्देश देंगे। टेंडर के कार्यों की जांच कराई जाएगी। लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों व ठेकेदार पर कार्रवाई होगी।

