रक्षाबंधन पर डाक विभाग की अनूठी पहल: राखी के साथ अब मिठाई भी भेज सकेंगी बहनें; ₹30 तक वाटरप्रूफ लिफाफा
खैरथल (हीरालाल भूरानी) रक्षाबंधन पर्व पर बहनों के लिए डाक विभाग अनूठी पहल लेकर आया है। इस बार महिलाएं रक्षाबंधन के पर्व पर देश-विदेश में कामकाज या पढ़ाई करने वाले अपने भाईयों को इस रक्षाबंधन पर राखी के साथ-साथ मिठाई का डिब्बा भी भेज सकती हैं।
जिसके लिए डाक विभाग ने खास तरह का 30 रुपए का वाटरप्रूफ लिफाफा तैयार किया है। इसके अंदर राखियों के साथ-साथ मिठाई का डिब्बा भी भेजा जा सकता है। हालांकि बहनों के लिए डाक विभाग पहले से ही वाटरप्रूफ लिफाफे की सेवाएं देता आ रहा है, लेकिन पहले मिठाई भेजने की सुविधा नहीं मिल पाती थी। पोस्टमास्टर शेर सिंह ने बताया कि राखी बॉक्स नामक इस डिब्बे में मिठाई व राखी भेजी जा सकती है। इसके लिए डाक विभाग ने 30 रुपए का शुल्क निर्धारित किया है।
इसके अलावा अन्य लिफाफों में राखी भेजने के लिए 15 व 10 रुपए प्रति लिफाफा शुल्क रखा है। इन्हें भेजने के लिए स्पीड पोस्ट या अन्य प्रकार की सुविधा का शुल्क अलग से होगा। वहीं रक्षाबंधन पर्व पर राखी व मिठाई समय पर पहुंचे। इसके लिए विभाग पूरी निगरानी रखेगा। इस पर भी विशेष ध्यान रखा है। खैरथल डाकघर में अभी से इस तरह के राखी बाक्स 6,बडे लिफाफे 30,छोटे लिफाफे 60 पहुंच गए हैं। हालांकि जरूरत के हिसाब से और उपलब्ध करवा दिए जाएंगे।

