पंचायत व निकाय चुनाव को लेकर ब्लॉक महुवा व मंडावर कांग्रेस कमेटी की मीटिंग मंडावर में आयोजित
मंडावर (अवधेश अवस्थी)। उपखंड मुख्यालय के बस स्टैंड स्थित निखिल पैराडाइज मैरिज होम में रविवार को महुवा और मंडावर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की एक महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक आयोजित की गई। आगामी निकाय एवं पंचायत चुनावों को लेकर बुलाई गई इस बैठक में चुनावी रणनीति, टिकट वितरण के मापदंडों और संगठन मजबूती पर गहन मंथन किया गया।
- स्थानीय प्रत्याशी और 21 सदस्यीय कमेटी पर सहमति
बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया कि नगर निकाय या पंचायत समिति चुनाव में केवल उसी व्यक्ति को प्रत्याशी बनाया जाएगा जो संबंधित बूथ, पंचायत या वार्ड का निवासी होगा। इसके अलावा, टिकट वितरण प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए 21 सदस्यीय कांग्रेस कमेटी का गठन किया गया, जिसकी अनुशंसा पर ही 'जिताऊ और टिकाऊ' उम्मीदवारों को पैनल द्वारा टिकट दिया जाएगा।
- 'कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़': सांसद मुरारी लाल मीणा
बैठक को संबोधित करते हुए दौसा सांसद मुरारी लाल मीणा ने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ की हड्डी होते हैं। उन्होंने दावा किया कि महुवा विधानसभा क्षेत्र की सभी पंचायत समितियों में कांग्रेस का प्रधान और महुवा व मंडावर नगरपालिका में कांग्रेस का चेयरमैन बनेगा। वहीं पूर्व मंत्री ओमप्रकाश हुडला ने कहा कि कांग्रेस त्याग और तपस्या की पार्टी है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर भाजपा को हराने का आह्वान किया।
- कई लोगों ने थमा कांग्रेस का हाथ
कार्यक्रम के दौरान लोकेश मीणा (गगवाना), राकेश प्रजापत (मंडावर), अमर सिंह सैनी (ढंण्ड), जगदीश मीणा और राम अवतार सिंह नरूका सहित दर्जनों लोगों ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इससे पूर्व मंचासीन अतिथियों का साफा, माला एवं दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया गया।
- दिग्गज नेताओं की रही मौजूदगी
इस अवसर पर जिला प्रभारी राकेश पारीक, जिला सहप्रभारी देशराज पहाड़ियां, जिलाध्यक्ष रामजीलाल ओड, महुवा ब्लॉक अध्यक्ष दिनेश पाटोली, मंडावर ब्लॉक अध्यक्ष रामहरि मीना, कोऑर्डिनेटर एडवोकेट घनश्याम अवस्थी, सिद्धार्थ व्यास, डॉ. ओपी बैरवा, महुवा नगर अध्यक्ष नरेंद्र गुप्ता, मंडावर नगर अध्यक्ष विक्रम सिंह गुर्जर, एनएसयूआई अध्यक्ष लाजपत सिंह तंवर सहित सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

