भरतपुर में स्वाधीनता दिवस समारोह की तैयारियां तेज: पुलिस परेड ग्राउंड में होगा जिला स्तरीय मुख्य समारोह
भरतपुर (3 अगस्त) कोश्लेंद्र दत्तात्रेय
स्वाधीनता दिवस-2026 को भव्य, गरिमामय एवं अनुशासित ढंग से मनाने के लिए जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) राजीव शर्मा की अध्यक्षता में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तैयारियां पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए गए।
अतिरिक्त जिला कलक्टर राजीव शर्मा ने बताया कि स्वाधीनता दिवस का जिला स्तरीय मुख्य समारोह स्थानीय पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने वर्षा ऋतु को देखते हुए नगर निगम को समारोह स्थल पर जलभराव निकासी, मिट्टी भराव तथा साफ-सफाई की व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए।
सम्मान समारोह और सांस्कृतिक कार्यक्रम: समारोह के दौरान उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए सभी विभागाध्यक्षों को 10 अगस्त तक चयनित कार्मिकों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। 14 अगस्त की शाम आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए चयन समिति को देशभक्ति व सांस्कृतिक विरासत से ओतप्रोत प्रस्तुतियां शामिल करने के निर्देश दिए गए।
आकर्षक रोशनी और रक्तदान शिविर का आयोजन: एडीएम सिटी राहुल सैनी ने बताया कि 14 और 15 अगस्त को शहर के प्रमुख चौराहों, ऐतिहासिक द्वारों और मुख्य सरकारी भवनों को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा। भारत स्काउट एवं गाइड द्वारा रंगोली सजाई जाएगी। इसके साथ ही 15 अगस्त को विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसके लिए नागरिकों से बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया गया है।
बैठक में पीडब्ल्यूडी, विद्युत विभाग (बीईएसएल) और स्वास्थ्य विभाग को मंच, निर्बाध बिजली और मेडिकल एम्बुलेंस की व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर एसडीएम भारती गुप्ता, सीएमएचओ डॉ. गौरव कपूर, नगर निगम सचिव प्रताप सिंह तथा जिला शिक्षा अधिकारी सुरेंद्र गोपालिया सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

