चुनाव तैयारियों को लेकर जिला कलेक्टर ने ली बैठक, संपर्क पेंडेंसी समाप्त करने एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश
खैरथल (हीरालाल भूरानी)
आगामी चुनावों की तैयारियों के मद्देनजर जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश ने सोमवार को जिला स्तरीय समीक्षा बैठक लेकर निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं एवं विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने चुनाव तैयारियों के लिए गठित विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रभारी अधिकारियों को निर्धारित समयावधि में सौंपे गए दायित्वों का शत-प्रतिशत निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला कलेक्टर ने सभी उपखंड अधिकारियों (एसडीएम) को मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर वहां की भवन स्थिति, संरचना एवं न्यूनतम आधारभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही नगरपालिका क्षेत्र के मतदान केंद्रों का भी निरीक्षण कर जहां भी मरम्मत की आवश्यकता हो, उसे चिन्हित कर तत्काल कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला कलेक्टर ने संपर्क पोर्टल की भी समीक्षा की। उन्होंने 30 दिवस से अधिक समय से लंबित प्रकरणों की विभागवार जानकारी प्राप्त करते हुए अधिकारियों को सभी लंबित मामलों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी अधिकारी की आईडी पर बिना कार्रवाई के कोई प्रकरण लंबे समय तक लंबित नहीं रहना चाहिए। जिन अधिकारियों द्वारा प्रकरणों पर कार्रवाई नहीं की गई है, उन्हें सख्त निर्देश जारी किए गए।
उन्होंने विशेष रूप से नगरपालिका, पंचायती राज, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) एवं जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (जेवीवीएनएल) जैसे आमजन से सीधे जुड़े विभागों को शिकायतों का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि जिले में सोमवार से "उज्जवल बचपन" अभियान प्रारंभ किया गया है। अभियान के तहत जिलेभर में कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों की स्वास्थ्य जांच एवं मेडिकल स्क्रीनिंग की जाएगी, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय पर पहचान कर उपचार सुनिश्चित किया जा सके।
जिला कलेक्टर ने पालनहार योजना के लंबित सत्यापन कार्य आगामी चुनाव से पूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के सत्यापन कार्य की समीक्षा करते हुए विशेष रूप से तिजारा क्षेत्र में अधिक लंबित मामलों पर नाराजगी जताई तथा अधिशासी अधिकारी (ईओ) तिजारा को शत-प्रतिशत सत्यापन कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पेंशन सत्यापन कार्य तत्काल पूरा किया जाए, अन्यथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध नोटिस जारी किए जाएंगे।
बैठक के दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनीष कुमार जाटव, उपखंड अधिकारी किशनगढ़ बास सत्यवीर, कोषाधिकारी गोपाल कालरा, अधीक्षण अभियंता सार्वजनिक निर्माण विभाग ओमप्रकाश किराड, अधीक्षण अभियंता जलदाय विभाग धर्मवीर यादव, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरविंद गेट, अधीक्षण अभियंता जेवीवीएनएल रूप सिंह गुर्जर, नगर परिषद आयुक्त मुकेश शर्मा, सहायक निदेशक आयुर्वेद अजीत बाल्याण, सहायक अभियंता बिजली विभाग दिनेश भड़ाना, पुलिस, राजीविका, बिजली, कृषि, वन, शिक्षा, सहित अन्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

