शहर के विकास का बनेगा खाका: जिला कलक्टर कमर चौधरी की अध्यक्षता में होगी महत्वपूर्ण कंसल्टेशन मीटिंग
भरतपुर (03 अगस्त) कोश्लेंद्र दत्तात्रेय
राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (RUIDP) के पंचम चरण के तहत भरतपुर शहर के कायाकल्प के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। शहर में लगभग 309.87 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित विभिन्न विकास कार्यों को लेकर आगामी 5 अगस्त को प्रातः 10:30 बजे 'आरयूआईडीपी संवाद' कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह महत्वपूर्ण कंसल्टेशन मीटिंग जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिला कलक्टर कमर उल जमान चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित होगी।
बैठक में शहर के सम्मानित जनप्रतिनिधि, पूर्व पार्षद, प्रबुद्ध नागरिक, विभिन्न विभागों के प्रशासनिक अधिकारी, मीडिया प्रतिनिधि तथा अन्य प्रमुख स्टेकहोल्डर्स भाग लेंगे।
सुझाव और फीडबैक के आधार पर होगा विकास: संवाद कार्यक्रम के दौरान आरयूआईडीपी के पंचम चरण में शहर में कराए जाने वाले सीवरेज, पेयजल एवं अन्य बुनियादी ढांचे के विकास कार्यों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की जाएगी। बैठक का मुख्य उद्देश्य शहरवासियों और जनप्रतिनिधियों से सीधे सुझाव एवं फीडबैक प्राप्त करना है, ताकि उन्हें परियोजना के प्रभावी क्रियान्वयन में शामिल किया जा सके और स्थानीय आवश्यकताओं के अनुसार विकास कार्यों को धरातल पर उतारा जा सके।

