भरतपुर में जनगणना 2027 का पहला चरण पूरा: 15 अगस्त तक होगा सभी कार्मिकों का मानदेय भुगतान
भरतपुर (3 अगस्त) कोश्लेंद्र दत्तात्रेय
भरतपुर जिले में जनगणना 2027 के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना) का कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। इस कार्य में तैनात मास्टर ट्रेनर्स, फील्ड ट्रेनर्स, प्रगणकों (Enumerators) और पर्यवेक्षकों (Supervisors) के प्रशिक्षण भत्ते तथा मानदेय के भुगतान की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में है।
उपजिला जनगणना अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि जिला कलक्टर के निर्देशों के तहत प्रथम चरण में नियुक्त सभी मास्टर ट्रेनर्स के मानदेय व भत्ते का पूर्ण भुगतान कर दिया गया है। इसके साथ ही जिले के समस्त फील्ड ट्रेनर्स का प्रशिक्षण भत्ता भी जारी किया जा चुका है।
15 अगस्त तक पूरा होगा बकाया भुगतान: उन्होंने जानकारी दी कि फील्ड ट्रेनर्स के बकाया मानदेय तथा सभी प्रगणकों व पर्यवेक्षकों के प्रशिक्षण भत्ते व मानदेय का भुगतान 15 अगस्त 2026 तक हर हाल में पूरा कर लिया जाएगा। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जनगणना कार्य में योगदान देने वाले प्रत्येक कार्मिक को उनका देय भुगतान समयबद्ध और प्राथमिकता के आधार पर स्थानांतरित किया जाए।

