दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर से पुलिस नाकाबंदी तोड़ भागे तस्कर: 100 फीट ऊंचे पुल से चंबल में कूदे, दोनों की दर्दनाक मौत; 117 किलो डोडा चूरा बरामद
कोटा (राजस्थान)। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर कोटा ग्रामीण पुलिस की नाकाबंदी तोड़कर भाग रहे दो नशा तस्करों का दर्दनाक अंत हो गया। पुलिस के पीछा करने के डर से तस्करों ने मंडावरा गांव के पास करीब 100 फीट ऊंचे चंबल नदी के पुल से छलांग लगा दी। नदी के नीचे पानी कम होने और पथरीली-मिट्टी वाली जमीन पर गिरने की वजह से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने तस्करों की गाड़ी से फेंके गए 117 किलो डोडा चूरा (9 कट्टे) को जब्त कर अंतरराज्यीय नशीले पदार्थों के नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।
ऑपरेशन रूट क्लीयरेंस के दौरान नाकाबंदी तोड़कर भागे
कोटा ग्रामीण एसपी सुजीत शंकर के अनुसार, क्षेत्र में तस्करी और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सिमलिया थाना क्षेत्र में 'ऑपरेशन रूट क्लीयरेंस' के तहत विशेष नाकेबंदी की गई थी। इसी दौरान उत्तर प्रदेश (UP) नंबर की एक तेज रफ्तार कार पुलिस नाकेबंदी को तोड़ते हुए दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे की ओर भाग निकली।
पुलिस से बचने और पकड़ा न जाने की हड़बड़ाहट में तस्करों ने रास्ते में ही 117 किलोग्राम डोडा चूरा से भरे 9 कट्टे सड़क किनारे फेंक दिए और गाड़ी की स्पीड बढ़ा दी।
100 फीट की ऊंचाई से लगाई छलांग, मौके पर ही तोड़ा दम
पुलिस की टीम ने जब गाड़ी का पीछा किया, तो एक्सप्रेसवे पर मंडावरा गांव (बुड़ादित थाना क्षेत्र) में चंबल नदी के पुल के पास कार लावारिस हालत में खड़ी मिली। गिरफ्तारी के खौफ में दोनों तस्करों ने बिना सोचे-समझे पुल से नीचे छलांग लगा दी।
नीचे पानी बेहद कम था और जमीन पथरीली होने के कारण दोनों को गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस जब नीचे पहुंची तो दोनों के शव लहूलुहान पड़े थे।
मृतकों की पहचान:
-
राज सिंह: निवासी साफीपुर कलां, संगरूर (पंजाब)
-
चैन सिंह लोधा: निवासी हरनावदा झिनिझिनी, जिला बारां (राजस्थान)
दोनों के शवों को कब्जे में लेकर सुल्तानपुर अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है।
FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य, तस्करी नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी रामकल्याण मीणा, डीएसपी ओमप्रकाश सहित FSL और MOB (मोबाइल फॉरेंसिक) की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच शुरू कर दी है। बरामद डोडा चूरा की खेप के आधार पर यह पता लगाया जा रहा है कि यह माल कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई पंजाब या दिल्ली के किस नेटवर्क को की जानी थी।
हाल ही में बीकानेर में भी पकड़ा गया था 50 करोड़ का हेरोइन नेटवर्क
राजस्थान में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान सख्त है। हाल ही में 2 अगस्त को बीकानेर के खाजूवाला में 'ऑपरेशन शॉक वेव' के तहत पुलिस ने 50 करोड़ रुपए की 10 किलो अफगान मार्का हेरोइन, 11 विदेशी पिस्टल और 100 कारतूस जब्त कर आरोपी वीरेंद्र राजपुरोहित को गिरफ्तार किया था।

