जहाजपुर को मिली करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात; शिक्षा, पेयजल, सड़क और बिजली से जुड़े कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास
जहाजपुर (मोहम्मद आज़ाद नेब)। राजस्थान सरकार के जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी (PHED) मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने गुरुवार को स्थानीय विधायक गोपीचंद मीणा की गरिमामयी मौजूदगी में जहाजपुर विधानसभा क्षेत्र को करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। इस दौरान शिक्षा, पेयजल, आधारभूत संरचना, कृषि विपणन और विद्युत विभाग से जुड़ी अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण, शिलान्यास तथा भूमिपूजन संपन्न हुआ।
पेयजल, शिक्षा और इंफ्रास्ट्रक्चर के बड़े प्रोजेक्ट्स का आगाज़
कार्यक्रम के तहत बोराणी स्थित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय में नव-निर्मित चार अतिरिक्त कक्षा-कक्षों तथा बोराणी से सहलादाता तक बनी सीसी सड़क का लोकार्पण किया गया। इसके साथ ही नगर पालिका क्षेत्र में पेयजल सुदृढ़ीकरण कार्य, सरसिया में 2000 केएल क्षमता के उच्च जलाशय व पाइपलाइन निर्माण और पीपलून्द में डीएमएफटी (DMFT) मद से निर्मित पाइपलाइन कार्य का भी लोकार्पण हुआ। मंत्री व विधायक ने अजमेर डिस्कॉम के अधिशाषी अभियंता कार्यालय भवन तथा फल एवं सब्जी मंडी स्थापना कार्य का भूमिपूजन व शिलान्यास किया।
"जल और पर्यावरण संरक्षण ही आज की सबसे बड़ी आवश्यकता"
बोराणी में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए PHED मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने कहा, "हर व्यक्ति पानी की एक-एक बूंद बचाने और अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प ले, क्योंकि वर्तमान समय में यही सबसे बड़ी आवश्यकता है।" उन्होंने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार जहाजपुर के सर्वांगीण विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेगी।
क्षेत्र में हुए अभूतपूर्व विकास कार्य: विधायक मीणा
क्षेत्रीय विधायक गोपीचंद मीणा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में जहाजपुर विधानसभा क्षेत्र में ऐतिहासिक और अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में क्षेत्र को जितनी सौगातें मिली हैं, उतनी पूर्व की सरकारों में कभी नहीं मिलीं। कार्यक्रम में एसडीएम छत्रपाल सिंह, चेयरमैन नरेश मीणा, सीआई यादराम चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

