उज्ज्वल बचपन अभियान: आयुर्वेद विभाग के सहायक निदेशक ने झारीयाना स्कूल का किया निरीक्षण, दिए निर्देश
जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश के नवाचार से संवर रहा बच्चों का सेहत; झारीयाना में आयुर्वेद टीम ने की विद्यार्थियों की मेडिकल स्क्रीनिंग
खैरथल (हीरालाल भूरानी)। जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश की अनूठी पहल "उज्ज्वल बचपन अभियान" के तहत खैरथल-तिजारा जिले में बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण और मेडिकल स्क्रीनिंग का कार्य मिशन मोड पर संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को सहायक निदेशक आयुर्वेद विभाग डॉ. अजीत सिंह बालियान ने उपखंड कोटकासिम की ग्राम पंचायत झारीयाना स्थित राजकीय विद्यालय का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य जांच व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
स्वास्थ्य परीक्षण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान डॉ. बालियान ने आयुर्वेद विभाग की मेडिकल टीम द्वारा विद्यार्थियों के किए जा रहे स्वास्थ्य परीक्षण और स्क्रीनिंग कार्य का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने मौके पर मौजूद चिकित्साकर्मियों को निर्देश दिए कि स्क्रीनिंग की गुणवत्ता में किसी तरह की कमी न रहे। अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक छात्र-छात्रा के स्वास्थ्य की समय पर जांच कर संभावित बीमारियों की शुरुआती स्तर पर ही पहचान कर उनका निशुल्क उपचार सुनिश्चित करना है।
कोई भी बच्चा स्वास्थ्य जांच से न छूटे: डॉ. बालियान
अभियान के तहत जिले भर के विभिन्न विद्यालयों में आयुर्वेद विभाग के चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी मुस्तैदी से अपनी सेवाएं दे रहे हैं। विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यकतानुसार औषधियां एवं चिकित्सकीय परामर्श भी दिया जा रहा है। डॉ. बालियान ने अधिकारियों और चिकित्सकों को पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की हिदायत देते हुए कहा कि जिले का एक भी विद्यार्थी इस स्वास्थ्य जांच अभियान से वंचित नहीं रहना चाहिए।

