भरतपुर में खतरे के निशान के करीब बंध बरेठा बांध: जलस्तर 27 फीट पार, कभी भी खुल सकते हैं गेट; दर्जनों गांवों में अलर्ट जारी
वैर/भरतपुर (कोश्लेंद्र दत्तात्रेय)। भरतपुर जिले के बयाना-वैर उपखंड क्षेत्र में बीते दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने आम जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। लगातार बारिश के कारण प्रसिद्ध बंध बरेठा बांध (Bandh Baretha Dam) में पानी की तेज आवक जारी है, जिससे बांध का जलस्तर बढ़कर 27 फीट तक पहुंच गया है। जल संसाधन विभाग के अनुसार, स्थिति को देखते हुए बांध के सेफ्टी गेट कभी भी खोले जा सकते हैं।
बहाव क्षेत्र के दर्जनों गांवों में अलर्ट जारी बंध बरेठा के गेट खोले जाने की स्थिति में डाउनस्ट्रीम (बहाव क्षेत्र) में बसे दर्जनों गांवों में पानी घुसने का गंभीर खतरा बन गया है। जल संसाधन विभाग और स्थानीय प्रशासन ने विशेष रूप से ककरुआ, कंजौली, पुराबाई खेड़ा समेत आसपास के कई गांवों में हाई अलर्ट जारी किया है।
संपर्क मार्ग हो सकते हैं जलमग्न प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, यदि बांध से जल निकासी शुरू की जाती है तो कई मुख्य रास्ते और संपर्क मार्ग जलमग्न हो सकते हैं। इससे ग्रामीणों का आवागमन पूरी तरह ठप होने की आशंका है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जल संसाधन विभाग की टीम मौके पर 24 घंटे निगरानी रख रही है।
प्रशासन की ग्रामीणों से अपील:
-
नदी-नालों से दूर रहें: बहाव क्षेत्र, डाउनस्ट्रीम और निचले हिस्सों में जाने से पूरी तरह बचें।
-
जोखिम न उठाएं: उफान पर बहते हुए पानी या जलमग्न रपटों को पार करने की बिल्कुल कोशिश न करें।
-
दिशा-निर्देशों का पालन करें: स्थानीय प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी की जा रही एडवाइजरी पर नजर रखें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।

