मंडावर में नगर निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक, चुनावी रणनीति पर हुआ मंथन
मंडावर (अवधेश अवस्थी) आगामी नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर मंडावर स्थित पंचायती धर्मशाला में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता पूर्व मंत्री डॉ. ओमप्रकाश हुडला ने की। बैठक में जिला सहप्रभारी देशराज पहाड़िया एवं विधानसभा प्रभारी सिद्धार्थ व्यास भी मौजूद रहे।
बैठक में आगामी नगर निकाय चुनाव की तैयारियों, वार्डवार संगठन की स्थिति एवं चुनावी रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। पूर्व मंत्री डॉ. ओमप्रकाश हुडला ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ऐसे उम्मीदवारों को प्राथमिकता देगी, जो लंबे समय से अपने-अपने वार्डों में सक्रिय हैं और जिनका क्षेत्र में मजबूत जनाधार है। उन्होंने कहा कि “पैराशूट” उम्मीदवारों के बजाय जिताऊ और टिकाऊ चेहरों को प्राथमिकता दी जाएगी।
हुडला ने कहा कि टिकट वितरण से पहले संबंधित वार्डों में सर्वे कराया जाएगा तथा कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय जनता की राय को भी महत्व दिया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होकर कार्य करने और पार्टी के निर्णयों का सहयोग करने का आह्वान किया।
बैठक के दौरान नगरपालिका चुनाव के लिए 25 वार्डों से 73 कार्यकर्ताओं ने टिकट की इच्छा जताई। इच्छुक कार्यकर्ताओं ने पूर्व मंत्री डॉ. ओमप्रकाश हुडला एवं पार्टी के प्रभारी पदाधिकारियों को अपना बायोडाटा सौंपा। हुडला ने सभी कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय बनाए रखने तथा पार्टी के लिए मजबूत और योग्य उम्मीदवार तैयार करने की अपील की।
बैठक में मंडावर नगरपालिका में भ्रष्टाचार को लेकर भी पूर्व मंत्री हुडला ने आरोप लगाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि चुनाव के दौरान क्षेत्र के स्थानीय मुद्दों, विकास एवं जनहित से जुड़े विषयों को प्रमुखता से जनता के बीच रखा जाए तथा वर्तमान जनप्रतिनिधि की कथित विफलताओं को जनता के सामने तथ्यों के साथ उठाया जाए।
हुडला ने कार्यकर्ताओं से कहा कि चुनाव के दौरान यदि किसी कार्यकर्ता को धमकी, दबाव या किसी प्रकार की परेशानी का सामना करना पड़े तो इसकी सूचना तत्काल संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों को दी जाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी मजबूती और अनुशासन के साथ आगामी नगर निकाय चुनाव की तैयारियों में जुटें।

