राज्यपाल ने सामूहिक विवाह समारोह में शामिल हो 116 नवदंपतियों को दिया सुखी वैवाहिक जीवन का मंत्र
भरतपुर (विष्णु मित्तल) राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने भरतपुर के गांव बौकोली मोड़ स्थित मां केला देवी स्टोन क्रेशर परिसर में आयोजित 116 बेटियों के सामूहिक विवाह समारोह में शिरकत की और उन्होंने बगलामुखी राष्ट्र रक्षा महायज्ञ पूर्णाहुति कार्यक्रम में भी भाग लिया।
समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि 116 बेटियों का सामूहिक विवाह उत्सव सामाजिक समरसता, सहयोग और सेवा भावना का प्रेरणादायी उदाहरण है। उन्होंने इस आयोजन को युवा महोत्सव की संज्ञा देते हुए आयोजकों की सराहना की। उन्होंने विशेष रूप से मुस्कान के पिता चन्द्रप्रकाश व्यास एवं अन्य आयोजकों के उस निर्णय की प्रशंसा की, जिसके तहत अपनी बेटी का विवाह भव्य सामूहिक आयोजन में कर गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग का अनुकरणीय संदेश दिया गया।
राज्यपाल ने भारतीय संस्कृति में विवाह को महत्वपूर्ण संस्कार बताते हुए कहा कि भारतीय परंपरा में विवाह केवल दो व्यक्तियों का नहीं, बल्कि दो परिवारों का भी मिलन है। उन्होंने शादियों में दिखावे और अनावश्यक खर्च से बचने तथा सादगीपूर्ण आयोजनों को प्रोत्साहित करने की अपील की।
नवदंपतियों को सुखी वैवाहिक जीवन का मंत्र देते हुए राज्यपाल ने कहा कि दांपत्य जीवन में आपसी समझ, प्रेम, विश्वास और धैर्य का विशेष महत्व है। यदि पति-पत्नी में से किसी एक को क्रोध आए तो दूसरे को शांत रहकर परिस्थिति को संभालना चाहिए। इससे परिवार में प्रेम और सौहार्द बना रहता है। उन्होंने सभी 116 नवदंपतियों के सुखी, स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। कार्यक्रम में भरतपुर नगर निगम महापौर अनुराधा सिंह हजारी सिंह धौलपुर नगर परिषद सभापति गिरीश गर्ग, महाराजा सूरजमल बृज विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. मदन सिंह राठौड़, पूर्व सांसद रामस्वरूप कोली, महेंद्रसिंह मग्गो, सद्गुरु राजकुमार, गेंदालाल, लघु उद्योग भारती बयाना ईकाई अध्यक्ष नितिन सिंघल, राहुल बंसल,मनोज भारद्वाज एवं कृपाल सिंह, बाबूलाल, उत्तरी भारत के उद्योगपति नितिन फरीदाबाद विजय गुप्ता, दिनेश चंद मंगल सहित जनप्रतिनिधि, रूपवास सहित आसपास के गांव के ग्रामीण, रिश्तेदार एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

