गोठड़ा में खाटू श्याम बाबा की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा 21 को, 22 सितंबर को होगा विशाल भंडारा
लक्ष्मणगढ़ (कमलेश जैन) तहसील क्षेत्र के निकटवर्ती ग्राम गोठड़ा में खाटू श्याम बाबा की नवीन मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। आगामी 19 से 22 सितंबर तक आयोजित होने वाले इस चार दिवसीय धार्मिक महोत्सव के दौरान विभिन्न अनुष्ठान संपन्न करवाए जाएंगे।
नाथ समाज ब्लॉक अध्यक्ष महंत श्री राजू नाथ महाराज ने जानकारी देते हुए बताया कि धार्मिक कार्यक्रमों की शुरुआत 19 सितंबर, शनिवार को सुबह 9:15 बजे भव्य कलश यात्रा के साथ होगी। इसके बाद विभिन्न वैदिक विधान संपन्न किए जाएंगे।
- 21 को प्राण प्रतिष्ठा, 22 को भंडारा
महोत्सव के तहत 21 सितंबर, सोमवार को सुबह 10:15 बजे विधि-विधान व मंत्रोच्चार के बीच खाटू श्याम बाबा की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। वहीं 22 सितंबर, मंगलवार को सुबह 11:15 बजे से विशाल भंडारे एवं महाप्रसादी का आयोजन होगा।
महंत राजू नाथ महाराज ने क्षेत्र के समस्त श्याम भक्तों एवं धर्मप्रेमियों से इन चार दिवसीय आयोजनों में सपरिवार पहुंचकर धर्म लाभ उठाने का आह्वान किया है।

