तखतगढ़ पालिका के नवनिर्वाचित कांग्रेस पार्षदों व कांग्रेस नगर अध्यक्ष सहित कार्यकर्ताओ ने ईओ से की मुलाकात
नगर की समस्याओं से कराया अवगत, विकास कार्यों में पारदर्शिता और भेदभाव नहीं करने की रखी मांग
तखतगढ़ (बरकत खान) नगर पालिका तखतगढ़ के नवनिर्वाचित कांग्रेस के नौ पार्षदों ने गुरुवार को अधिशाषी अधिकारी महेन्द्र बंजारा से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान पार्षदों ने नगर की विभिन्न मूलभूत समस्याओं से अवगत करवाते हुए उनके स्थायी समाधान की मांग की। पार्षदों ने स्पष्ट कहा कि नगर के विकास कार्यों में किसी भी प्रकार का भेदभाव स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा पालिका के कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित होनी चाहिए।
कांग्रेस चैयरमैन प्रत्याशी एवं वार्ड 16 से निर्वाचित पार्षद सरोज मेवाड़ा ने गंवई तालाब के सौंदर्यकरण में कथित भेदभाव का मुद्दा उठाते हुए कहा कि तालाब दो हिस्सों में बंटा हुआ है। एक हिस्से में करोड़ों रुपये खर्च कर सौंदर्यकरण करवाया जा रहा है, जबकि दूसरे हिस्से में गंदगी का आलम है। दूषित पानी से उठने वाली दुर्गंध के कारण आसपास रहने वाले लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि पालिका दूसरे हिस्से की समस्या पर कब ध्यान देगी।
पार्षद अनराज मेवाड़ा ने कहा कि पालिका में भ्रष्टाचार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। टेंडर प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता होनी चाहिए। उन्होंने वर्षों से एक ही ठेकेदारों को बार-बार कार्य मिलने के मामले की जांच की मांग करते हुए कहा कि इसकी पड़ताल होनी चाहिए कि आखिर उन्हीं ठेकेदारों को बार-बार टेंडर क्यों दिए जा रहे हैं। साथ ही उन्होंने नगरीय भूमि की नीलामी नहीं करने की मांग भी रखी।
पार्षद भंवर मीना ने पालिका क्षेत्र के सार्वजनिक एवं सामुदायिक भवनों की जानकारी मांगी। उन्होंने कहा कि इन भवनों में कौन रह रहा है, क्या उनसे पालिका को किराया या अन्य राजस्व प्राप्त हो रहा है, इसकी जानकारी सार्वजनिक होनी चाहिए। यदि किसी व्यक्ति ने बिना वैध आदेश के सरकारी भवन पर कब्जा कर रखा है तो नियमानुसार किराया वसूल कर भवन को खाली करवाया जाए। उन्होंने कहा कि सामुदायिक भवन नगरवासियों के सामाजिक एवं सार्वजनिक आयोजनों के लिए बनाए गए हैं। इसके अलावा पालिका की दुकानों में अवैध बिजली कनेक्शनों की जानकारी उपलब्ध करवाने तथा गंवई तालाब में जा रहे सीवरेज के पानी को रोककर उसे डायवर्ट करने की मांग भी रखी।
पार्षद सूरज वाल्मीकि ने बारिश के दौरान जलभराव और बार-बार बनने वाली बाढ़ जैसी स्थिति से निजात दिलाने के लिए स्थायी जल निकासी व्यवस्था की मांग की। उन्होंने कहा कि नगरीय क्षेत्र के खुले नालों में जहरीले जीव-जंतुओं की भरमार है, जो रात के समय लोगों के घरों में घुस जाते हैं। उन्होंने बताया कि वे स्नेक कैचर के रूप में लंबे समय से लोगों की सेवा कर रहे हैं और इस दौरान असंख्य जहरीले सांपों को पकड़ चुके हैं। इसी दौरान वे स्वयं भी सांप के डसने की घटना का शिकार हो चुके हैं।
पार्षद रामचंद्र जीनगर ने नगरवासियों को मूलभूत सुविधाएं समान रूप से उपलब्ध करवाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि कई वार्डों में नालियां टूटी हुई हैं और जहां नालियां बनी हुई हैं, वहां उचित ढलान नहीं होने के कारण पानी एवं गंदगी जमा रहती है। उन्होंने पूरे नगर की नालियों का सर्वे करवाकर जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान करवाने की मांग की।
पार्षद प्रमिला सरगरा, मोनिका देवी भील एवं अतकी देवी ने अपने-अपने वार्डों में नियमित साफ-सफाई तथा पेयजल से जुड़ी समस्याओं से ईओ को अवगत करवाया और इनके शीघ्र समाधान की मांग रखी। गौरव पथ रोड़ स्थित पालिका की साढ गाढ़ द्वारा तीन प्लोटो की जमीन दबाकर चार दिवारी निकाल दी है पर प्रशासन भी गहरी नींद में सोया हुआ है
- “चाय-नाश्ते के लिए नहीं, समस्याएं लेकर आएंगे”
मुलाकात के अंत में कांग्रेस चैयरमैन प्रत्याशी सरोज मेवाड़ा ने ईओ से कहा, “ईओ साहब, हम सभी कांग्रेस पार्षद आपके कक्ष में चाय-पानी और नाश्ते के लिए नहीं आएंगे। जब भी आएंगे, नगर की समस्याओं को लेकर ही आपके पास आएंगे। विकास कार्यों में किसी भी तरह का भेदभाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
नवनिर्वाचित पार्षदों ने कहा कि उनका उद्देश्य राजनीति से ऊपर उठकर नगर के विकास और आमजन की समस्याओं का समाधान करवाना है।
इस मौके पर नव निर्वाचित पार्षद व कांग्रेस चैयरमैन प्रत्याशी सरोज मेवाड़ा, पार्षद अनराज मेवाड़ा, भंवर मीना, रामचंद्र जीनगर, मनीष परिहार, सुरज वाल्मीकी, मोनिका देवी, प्रमिला देवी , अतकी देवी , अध्यक्ष फुटरमल सुथार, अर्जुन सरगरा, संजय कुमार, पदमनाथ, कैलाश चौधरी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

