01 अक्टूबर को मनाया जाएगा 'अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस': होंगे विशेष आयोजन; योग, स्वास्थ्य जांच से लेकर डिजिटल साक्षरता की मिलेगी सौगात
01 अक्टूबर को राष्ट्रव्यापी अभियान के रूप में मनाया जाएगा 'अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस': भरतपुर में होंगे योग, स्वास्थ्य जांच, 'डिजिटल साथी' और दादा-दादी को पत्र लेखन जैसे विशेष आयोजन
भरतपुर(कोशलेन्द्र दत्तात्रेय)
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के निर्देशानुसार आगामी 01 अक्टूबर 2026 को जिला एवं ब्लॉक स्तर पर 'अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस' धूमधाम से मनाया जाएगा। वर्ष 2026 में यह दिवस वरिष्ठ नागरिकों की गरिमा, सम्मान, स्वास्थ्य, डिजिटल सशक्तिकरण और अंतरपीढ़ीगत जुड़ाव को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक राष्ट्रव्यापी अभियान के रूप में आयोजित किया जा रहा है।
सामूहिक शपथ से होगी शुरुआत
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक मनोज आर्य ने बताया कि कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु जिला एवं उपखंड स्तर के सभी सरकारी कार्यालयों में बुजुर्गों के अधिकारों, देखभाल और सम्मान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए सामूहिक शपथ व प्रतिज्ञा दिलाई जाएगी।
अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर आयोजित होने वाले प्रमुख कार्यक्रम:
-
योग, प्राणायाम एवं स्वास्थ्य शिविर: वरिष्ठ नागरिकों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए विभिन्न अस्पतालों में योग-ध्यान सत्र, फिजियोथेरेपी, फिटनेस जांच और पोषण परामर्श शिविर आयोजित किए जाएंगे।
-
डिजिटल साथी कॉर्नर (अटल सेवा केंद्रों पर): बुजुर्गों को आधुनिक दौर से जोड़ने के लिए सभी अटल सेवा केंद्रों पर 'डिजिटल साथी कॉर्नर' बनाए जाएंगे। यहाँ उन्हें यूपीआई (UPI), डिजिलॉकर, उमंग और जीवन ऐप जैसे डिजिटल व वित्तीय माध्यमों का उपयोग सिखाया जाएगा।
-
लेटर टू माई ग्रैंडपेरेंट्स (दादा-दादी को पत्र): स्कूलों और कॉलेजों के छात्र-छात्राएं अपने दादा-दादी/नाना-नानी के प्रति सम्मान व स्नेह व्यक्त करते हुए पत्र और संदेश लिखेंगे, ताकि युवा पीढ़ी बुजुर्गों के अनुभवों से जुड़ सके।
-
कौशल व ज्ञान साझा कार्यक्रम: शैक्षणिक संस्थानों में वरिष्ठ नागरिक अपने व्यावसायिक और जीवन अनुभवों को विद्यार्थियों के साथ साझा करेंगे।
पोर्टल पर होगा दस्तावेजीकरण
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से इन आयोजनों में अधिक से अधिक वरिष्ठ नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इन कार्यक्रमों की मीडिया कवरेज, फोटो और वीडियो 'समावेश पोर्टल' पर अपलोड किए जाएंगे।

