रूपवास स्टेशन पर ट्रेन ठहराव की मांग जोर पकड़ी, विधायक को सौंपा ज्ञापन
रूपवास (कोशलेन्द्र दत्तात्रेय): स्थानीय रूपवास रेलवे स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों के ठहराव (स्टॉपेज) की मांग को लेकर अखिल राजस्थान जन विकास मंच के प्रतिनिधिमंडल ने कड़ा रुख अपनाया है। मंच के प्रदेश अध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता हरिशंकर शर्मा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्रीय विधायक डॉ. रितु बनावत और भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष ऋषि बंसल से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा।
ट्रेन का ठहराव बंद होने से बढ़ रही परेशानी मंच के प्रदेश अध्यक्ष हरिशंकर शर्मा ने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि गाड़ी संख्या 20177/20178 (असरवा से आगरा कैंट और आगरा कैंट से असरवा) का पूर्व में रूपवास स्टेशन पर ठहराव था, जिससे रोजाना 500 से 700 यात्री सफर करते थे। इस ट्रेन के नियमित होने के बाद रूपवास में इसका ठहराव बंद कर दिया गया और अब सीधा गंगापुर सिटी के बाद अगला ठहराव आगरा कैंट कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि इस बदलाव से सरैधी, जगनेर, बाड़ी, बसेड़ी, तसीमौ, खैरागढ़, जारगा, खानुआ, महालपुर काछी, सैदपुरा, दाहिना गांव और धौलपुर के आसपास के हजारों यात्रियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस क्षेत्र के लोग रूपवास से ट्रेन पकड़कर चित्तौड़गढ़, उदयपुर और अहमदाबाद में रोजगार के लिए जाते हैं, लेकिन ठहराव बंद होने से उन्हें बेवजह आगरा कैंट तक का लंबा सफर तय करना पड़ रहा है, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी हो रही है।
इन ट्रेनों के ठहराव की भी उठी मांग ज्ञापन में अन्य महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की भी पुरजोर मांग उठाई गई है:
-
गाड़ी संख्या 09007/09008 (धौलपुर-मुंबई सेंट्रल)
-
गाड़ी संख्या 09023/09024 (धौलपुर-बांद्रा टर्मिनल)
-
गाड़ी संख्या 04168/04167 (उधना-कानपुर वाया आगरा कैंट-रूपवास)
मंच ने बताया कि आगरा से उधना के लिए संचालित साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन में 1500 से 2000 तक यात्री सफर करते हैं, बावजूद इसके रूपवास में इन गाड़ियों का स्टॉपेज न होने के कारण क्षेत्र की जनता में गहरा आक्रोश व्याप्त है।
विधायक ने दिया सकारात्मक आश्वासन प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए विधायक डॉ. रितु बनावत ने आश्वस्त किया कि वे इस मामले में शीघ्र ही भारत सरकार के रेल मंत्री, महाप्रबंधक (उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज) और मंडल रेल प्रबंधक (आगरा) से वार्ता कर रूपवास स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की समस्या का जल्द से जल्द समाधान करवाएँगी।
ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में शिक्षाविद ओंकार शुक्ला, कृष्ण गोपाल दत्तात्रेय बंटी, महेंद्र सिंह चेयरमैन, सुरेश चंद्र दीक्षित और राजेंद्र प्रसाद जैन सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

