‘सही खान-पान, स्वस्थ राजस्थान’ अभियान के तहत पोस्टर विमोचन एवं जागरूकता कार्यक्रम
खैरथल (हीरालाल भूरानी)
‘सही खान-पान, स्वस्थ राजस्थान’ अभियान के तहत शनिवार को जिला खैरथल-तिजारा में पोस्टर विमोचन एवं जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरविंद गेट के दिशा-निर्देशन में आयोजित इस विशेष अभियान का उद्देश्य आमजन को सुरक्षित, पौष्टिक एवं स्वस्थ खान-पान के प्रति जागरूक करना है। राजस्थान सरकार द्वारा 3 से 16 अक्टूबर तक चलाए जा रहे अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
अभियान की शुरुआत पीएम श्री राजकीय विद्यालय, खैरथल से की गई। इस दौरान विद्यार्थियों को ‘हेल्दी थाली’ से लेकर खाद्य पदार्थों में मिलावट की पहचान तक विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को पौष्टिक आहार, स्वस्थ टिफिन, पौष्टिक नाश्ता, श्री अन्न के उपयोग तथा भोजन से पहले और बाद में हाथ धोने के सही तरीके के बारे में भी विस्तार से जागरूक किया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग के नोडल अधिकारी हेमंत कुमार यादव ने बताया कि अभियान के प्रारंभिक चरण में 3 से 5 अक्टूबर तक सरकारी एवं निजी विद्यालयों में ‘स्कूल ईट राइट डे’ के तहत जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार अपनाने तथा खाद्य सुरक्षा के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पीएम श्री राजकीय विद्यालय, खैरथल का निरीक्षण कर विद्यालय की रसोई में साफ-सफाई एवं खाद्य सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। टीम द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए स्वच्छता एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थों के उपयोग पर विशेष ध्यान देने के लिए कहा गया।
जागरूकता कार्यक्रम में विद्यालय प्रधानाचार्य सहित खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम के मनीष शर्मा, बबीता एवं सुभाष यादव उपस्थित रहे।

