गंगापुर तक ई-बस सेवा का विस्तारः जिला मुख्यालय से जुड़ाव होने से आम जनता को मिलेगी बड़ी राहत , एकलिंगपुरा महेन्द्रगढ़ को जोड़ने की मांग उठी
भीलवाड़ा/गंगापुर (सत्यनारायण सेन): क्षेत्र के यात्रियों, नौकरीपेशा लोगों और कॉलेज विद्यार्थियों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। नगर निगम प्रशासन ने पीएम ई-बस सेवा का दायरा बढ़ाते हुए इसे गुरला-कारोई मार्ग से आगे बढ़ाकर सीधे गंगापुर तक जोड़ दिया है। अब जिला मुख्यालय से गंगापुर तक सीधी ई-बस सेवा उपलब्ध होने से दैनिक यात्रियों और छात्रों का सफर बेहद सुगम और किफायती हो जाएगा।
प्रमुख चौराहे और कॉलेज सीधे जुड़े नए रूट चार्ट के अनुसार, यह ई-बस सेवा शहर के भीतर और बाहरी मार्गों के प्रमुख चौराहों को आपस में जोड़ेगी। विशेष रूप से बांकली कॉलेज तक आने-जाने वाले विद्यार्थियों को अब निजी वाहनों या महंगे साधनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा, जिससे उनके समय और धन दोनों की भारी बचत होगी।
इन नए मार्गों पर भी शुरू हुई बस सेवाएं यात्रियों की मांग को देखते हुए निगम ने कई नए रूट तैयार किए हैं:
-
कारोई जाने वाली बस को अब गंगापुर तक बढ़ा दिया गया है।
-
बागौर रूट में सुरास और डेढ़वास गांवों को जोड़ा गया है, जबकि पिथास, अमरगढ़ और भीलड़ी होते हुए बागौर के लिए एक नया सीधा रूट तैयार किया गया है।
-
बड़ा महुआ की बस अब कोटड़ी तक और गाडरमाला की बस गुरलां व कारोई तक सेवाएं देगी।
-
आमां रूट की बस को सुठेपा और कोचरिया रूट को टहूंका चौराहा तक विस्तार दिया गया है। लुहारिया के लिए बस अब भगवानपुरा होकर संचालित होगी।
-
भीलवाड़ा से सवाईपुर-आकोला होते हुए सुठेपा गांव के लिए भी नया रूट शुरू किया गया है।
वीकेंड पर कवालियास महादेव के विशेष फेरे श्रद्धालुओं और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वीकेंड पर विशेष व्यवस्था की गई है। शनिवार, रविवार और सोमवार को रायला रूट की ई-बस सीधे कवालियास महादेव तक संचालित की जाएगी, जिससे धार्मिक स्थलों पर आने-जाने वाले लोगों को सीधा परिवहन साधन मिल सकेगा।
महेन्द्रगढ़-एकलिंगपुरा को जोड़ने की उठी मांग दूसरी ओर, महेंद्रगढ़ सरपंच प्रतिनिधि रामधन सोमानी और एकलिंगपुरा से तुलसीराम सेन (ओबीसी मोर्चा जिला मंत्री) ने मांग उठाई है कि महेंद्रगढ़-एकलिंगपुरा क्षेत्र में जिला मुख्यालय से सरकारी बस की कनेक्टिविटी न होने के कारण आमजन को परेशानी होती है। उन्होंने इस क्षेत्र को कारोई-गुरला ई-बस सेवा से जोड़ने की मांग की है और शीघ्र ही निगम अधिकारियों को पत्र सौंपने की बात कही है।
निगम ने मांगे जनता से सुझाव नगर निगम प्रशासन ने आम जनता और यात्रियों से अपील की है कि यदि रूट, समय-सारणी या प्रमुख स्टॉपेज (जैसे रेलवे स्टेशन, अस्पताल या नागरिक नगर चौराहा) में किसी बदलाव की आवश्यकता है, तो लोग अपने सुझाव निगम कार्यालय में दे सकते हैं, ताकि व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके।

