खैरथल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न: तन्मय चौधरी के यूथ कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष बनने पर विधायक दीपचंद खैरिया का किया भव्य स्वागत
खैरथल: यूथ कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष बनने पर तन्मय चौधरी ने किया विधायक दीपचंद खैरिया का स्वागत, आगामी चुनावों को लेकर भरी हुंकार
खैरथल (हीरालाल भूरानी)
यूथ कांग्रेस के नवनियुक्त विधानसभा अध्यक्ष तन्मय चौधरी ने अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ जाटका रोड स्थित विधायक कार्यालय पहुंचकर स्थानीय विधायक दीपचंद खैरिया का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया गया और कार्यकर्ताओं ने मिष्ठान वितरण कर अपनी प्रसन्नता जाहिर की।
नवनियुक्त पदाधिकारियों का हुआ सम्मान
विधायक के निजी सहायक सुनील कांत गोल्डी ने जानकारी देते हुए बताया कि कोटकासिम तहसील के उजोली गांव निवासी तन्मय चौधरी के यूथ कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष तथा चाचियांवास निवासी मोनी पटेल के कोटकासिम ब्लॉक अध्यक्ष बनने पर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा गया। सभी कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों के साथ विधायक कार्यालय पहुंचे और नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत किया।
पंचायत चुनावों में मजबूती से काम करने का आह्वान
इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विधायक दीपचंद खैरिया ने कहा कि यह बेहद हर्ष का विषय है कि कांग्रेस आलाकमान ने संगठन में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने का निर्णय लिया है, जिससे युवा नेतृत्व आगे आ रहा है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आगामी पंचायत चुनावों में पूरी ईमानदारी, एकजुटता और मजबूती के साथ जुटने की अपील की।
इस स्वागत समारोह के दौरान महेंद्र चौधरी, सतीश ग्वाला, मदनलाल खारी, लाल सिंह, राजवीर खारी (मंडल अध्यक्ष), अंशु पटेल, अमन राठी, प्रदीप कुमार, मनीष गुर्जर, इंद्रजीत, मनीष आलमपुर, लोकेश फोगाट, चरण सिंह खारी, अंकित खारी और अंकुर सहित सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

