भरतपुर: मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान का किया दौरा, जल उपलब्धता और पर्यटक सुविधाओं का लिया जायजा

Oct 5, 2026 - 18:35
 0
भरतपुर: मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान का किया दौरा, जल उपलब्धता और पर्यटक सुविधाओं का लिया जायजा

भरतपुर (कोशलेन्द्र दत्तात्रेय)

राज्य के मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास ने सोमवार को विश्व प्रसिद्ध केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने उद्यान में पक्षियों और उनके प्राकृतिक आवास का बारीकी से अवलोकन किया तथा अधिकारियों को झीलों में निरंतर पानी की आवक बनाए रखने, पक्षियों की सुरक्षा और देशी-विदेशी पर्यटकों के लिए मूलभूत सुविधाओं को और अधिक सुव्यवस्थित करने के निर्देश दिए।

गोल्फ कार्ट से किया भ्रमण, पक्षियों की विशेषताओं की जानकारी ली

मुख्य सचिव ने उद्यान के प्रवेश द्वार से गोल्फ कार्ट में सवार होकर प्रमुख मार्गों का निरीक्षण किया। उन्होंने दूरबीन के माध्यम से ग्रे हेरॉन, पर्पल हेरॉन, ब्लैक नेक्ड स्टॉर्क, ग्रीन बी-ईटर, पेंटेड स्टॉर्क और डार्टर सहित विभिन्न पक्षियों को देखा तथा उनकी विशेषताओं की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने फ्रूट बैट का भी अवलोकन किया।

बर्ड व्यू टावर से झीलों और हरियाली के विहंगम दृश्य को देखकर उन्होंने प्रसन्नता जताई। वन्यजीव सप्ताह के तहत मुख्य सचिव ने उद्यान परिसर में कदम्ब का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा भगवान केवलादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर देश और प्रदेश की खुशहाली की कामना की। उन्होंने अभ्यारण्य में अतिविशिष्ट व्यक्तियों के भ्रमण से संबंधित शिलापट्टिकाओं और कैंटीन स्थित ऐतिहासिक दीर्घा का भी अवलोकन किया।

उच्चस्तरीय बैठक में समीक्षा और निर्देश

भ्रमण के पश्चात मुख्य सचिव ने अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक कर उद्यान में आने वाले देशी-विदेशी प्रवासी पक्षियों की सुरक्षा, झीलों में जल उपलब्धता और पर्यटक सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि विश्व धरोहर स्थल केवलादेव में पक्षियों के अनुकूल प्राकृतिक वातावरण बनाए रखना और पर्यटकों को बेहतरीन अनुभव देना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए।

उद्यान के निदेशक चेतन कुमार बी.वी. ने मुख्य सचिव को चल रहे विकास कार्यों, पानी की स्थिति और पर्यटन विकास से जुड़ी गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर सीसीएफ पी. काथिरवेल, जिला कलक्टर कमर चौधरी, पुलिस अधीक्षक राजेश मीणा, भरतपुर विकास प्राधिकरण के आयुक्त कनिष्क कटारिया, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मृदुल सिंह, आईएएस भानू शर्मा, एसीएफ रेखा वर्मा, सयाली शिंदे, अक्षय जैन सहित पुलिस, प्रशासन और वन विभाग के तमाम वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................