संत निरंकारी मिशन का 79वां वार्षिक संत समागम: 23 से 26 अक्टूबर तक समालखा में सजेगा दिव्य दरबार, 'जागृति' रहेगा मुख्य विषय
खैरथल: संत निरंकारी मिशन के 79वें वार्षिक संत समागम की तैयारियां जोरों पर, अलवर जिले से भी बड़ी संख्या में पहुंचेंगे श्रद्धालु
खैरथल (हीरालाल भूरानी)
संत निरंकारी मिशन का 79वां वार्षिक संत समागम आगामी 23 से 26 अक्टूबर 2026 तक समालखा (हरियाणा) स्थित संत निरंकारी आध्यात्मिक स्थल पर भव्यता के साथ आयोजित किया जाएगा। इस पावन समागम को लेकर अलवर जिले सहित देश भर के श्रद्धालुओं में भारी उत्साह और उमंग का माहौल है।
'जागृति' होगा इस वर्ष का प्रेरणादायी विषय
सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एवं निरंकारी राजपिता रमित जी के पावन सानिध्य में आयोजित होने वाला यह समागम प्रेम, सेवा, सद्भाव और मानव एकता का अनूठा संदेश देगा। इस वर्ष के समागम का प्रेरणादायी विषय 'जागृति' रखा गया है, जो श्रद्धालुओं को अंतर्मन के प्रकाश और आध्यात्मिक यात्रा से जोड़ेगा। समागम स्थल पर मुख्य प्रवेश द्वार से लेकर पंडाल, स्वच्छता, जल, स्वास्थ्य और भोजन व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित करने के लिए सेवादार तन-मन से जुटे हुए हैं। सेवकों के चेहरों पर परिश्रम की थकान के बजाय समर्पण और संतोष की दिव्य आभा साफ झलक रही है।
श्रद्धालुओं में जाने की भारी उत्सुकता
अलवर जिले से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु और सेवादार भाई-बहन रेल और बसों के माध्यम से समागम में सम्मिलित होने के लिए पूरी तरह उत्सुक हैं। संत निरंकारी मंडल के अनुसार, समागम में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की सुविधा के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं। यह समागम मात्र एक आयोजन नहीं, बल्कि 'वसुधैव कुटुंबकम' की भावना को साकार करने वाला मानवता और एकत्व का एक दिव्य महापर्व है।

