सुमेरपुर पंचायत समिति में 10 साल बाद कांग्रेस की वापसी, तखतगढ़ के महाराणा प्रताप चौक पर जमकर हुई आतिशबाजी
सुमेरपुर पंचायत समिति में 10 साल बाद कांग्रेस की वापसी, तखतगढ़ के महाराणा प्रताप चौक पर जमकर हुई आतिशबाजीपंचायती राज चुनाव 2026 के परिणाम सामने आते ही कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह, धरातल के काम को बताया जीत का आधार
तखतगढ़ (बरकत खा)। पंचायती राज चुनाव 2026 के नतीजे घोषित होने के बाद शुक्रवार, 20 नवंबर को तखतगढ़ के महाराणा प्रताप चौक पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर जश्न मनाया। सुमेरपुर पंचायत समिति क्षेत्र में भाजपा को मिली हार और 10 साल बाद कांग्रेस की वापसी की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में कार्यकर्ता चौक पर एकत्रित हुए और खुशी जाहिर की।
कैबिनेट मंत्री के क्षेत्र में उलटफेर से बढ़ा उत्साह प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुमेरपुर पंचायत समिति क्षेत्र कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत का निर्वाचन क्षेत्र है। यहां आए चुनावी परिणामों में कांग्रेस को मिली बढ़त और 10 साल बाद वापसी को कार्यकर्ताओं ने बड़ी उपलब्धि माना। परिणामों की सूचना के साथ ही महाराणा प्रताप चौक पर 'कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद' के नारे गूंजने लगे और आतिशबाजी के बीच कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को बधाई दी।
ये नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद जश्न के दौरान नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष फुटरमल सुथार, प्रदेश सचिव एवं पार्षद अनराज मेवाड़ा, पूर्व नगर अध्यक्ष एवं पार्षद भंवरलाल मीणा, मनीष परिहार, अर्जुन हीरागर और विक्रम खटीक सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
"जनता का फैसला सर्वोपरि" इस मौके पर तखतगढ़ नगरपालिका के पार्षद एवं पूर्व नगर अध्यक्ष भंवरलाल मीणा ने इसे जनता जनार्दन का सर्वोपरि फैसला बताया। उन्होंने कहा कि जनता केवल प्रचार या दावों के बजाय धरातल पर होने वाले काम से संतुष्ट होती है और समय आने पर अपने वोट की ताकत से जवाब देती है।

