गोविंदगढ़ के बूथ संख्या 55 पर आज पुनर्मतदान प्रारम्भ, रात 9 बजे आएगी मतगणना की बारी
गोविन्दगढ़, अलवर। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव 2026 के तहत पंचायत समिति गोविन्दगढ़ के निर्वाचन क्षेत्र (वार्ड) संख्या 11 के बूथ संख्या 55 पर आज रविवार, 22 नवंबर 2026 को पुनर्मतदान कराया जा रहा है। यहां पर बांधेड़ी के एक वार्ड और भैंसडावत के दो वार्डों के कुल 1039 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।
उपखण्ड अधिकारी गोविन्दगढ़ अभिषेक चारण ने बताया कि राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, कमरा नंबर 4 (भैंसडावत) स्थित पोलिंग बूथ संख्या 55 पर दिनांक 20 नवंबर 2026 को मतगणना निर्धारित थी। लेकिन मतगणना के दौरान ईवीएम (EVM) मशीन में तकनीकी खराबी आ जाने के कारण परिणाम प्रदर्शित नहीं हो सका और निर्वाचन क्षेत्र का परिणाम जारी नहीं किया जा सका। इसी तकनीकी खराबी के चलते राज्य निर्वाचन आयोग ने उक्त बूथ के सदस्य पद के मतदान को शून्य (Void) घोषित करते हुए पुनर्मतदान की घोषणा की।
मतदान और मतगणना का समय:
- पुनर्मतदान: आज रविवार, 22 नवंबर 2026 को प्रातः 07:00 बजे मतदान शुरू हुआ है, जो सायं 06:00 बजे तक जारी रहेगा।
- मतगणना: मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद आज ही रात्रि 09:00 बजे से उपखण्ड कार्यालय, गोविन्दगढ़ पर मतगणना की जाएगी।

