सोयला के सदगुरु कबीर आश्रम में तीन दिवसीय पाटोत्सव संपन्न, सत्संग व भजनों में उमड़े श्रद्धालु
सोयला के सदगुरु कबीर आश्रम में तीन दिवसीय पाटोत्सव संपन्न, सत्संग व भजनों में उमड़े श्रद्धालुसंगीतमय गुरु पाठ, प्रवचन और भजन-कीर्तन से भक्तिमय बना माहौल, संतों ने माता-पिता व धर्म की रक्षा का किया आह्वान
बावड़ी / जोधपुर (मिश्रीलाल लखारा)। बावड़ी क्षेत्र के सोयला कस्बे स्थित सदगुरु कबीर आश्रम में सदगुरु भोलाराम महाराज मंदिर एवं मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा के तृतीय वर्ष पाटोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित तीन दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम उत्साह के साथ संपन्न हो गए। तीनों दिन आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने कार्यक्रमों में सहभागिता की।
संगीतमय पाठ व सत्संग के हुए आयोजन आश्रम के संत भिवदास महाराज ने बताया कि तृतीय वर्ष पाटोत्सव का आयोजन आश्रम के स्वामी माधवदास महाराज के सानिध्य में किया गया। उत्सव के दौरान तीनों दिन प्रातः संगीतमय गुरु पाठ तथा दिन में संगीतमय सत्संग, भजन-कीर्तन और प्रवचन सहित विविध धार्मिक अनुष्ठान हुए। आयोजन में धनारी खुर्द, ढढ़ोरा, खुडाला, छींडिया, मोरनावड़ा, चटालिया, डोडियाल, लूणावास, अखावास, कजनाऊ, आसंडा, खेड़ापा और नांदिया सहित आसपास के कई गांवों से ग्रामीण पहुंचे।
संतों ने दिया संस्कार और नशा मुक्ति का संदेश इस अवसर पर आश्रम के संत स्वामी माधवदास महाराज ने कहा कि पूर्व जन्मों के अच्छे कर्मों के फलस्वरूप अनमोल मनुष्य जीवन प्राप्त होता है। उन्होंने बच्चों को संस्कारवान बनाकर उनका भविष्य संवारने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विभिन्न आश्रमों व संप्रदायों के संत-महंतों, आश्रम के संत झीपरदास महाराज, बाल संत गोपाल महाराज तथा साध्वियों ने भजनों और प्रवचनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म-भक्ति के साथ नशा मुक्ति, माता-पिता की सेवा और धर्म की रक्षा करने का संदेश दिया। तीन दिनों तक चले आयोजनों से पूरे कस्बे का माहौल भक्तिमय बना रहा।

