कठूमर:स्ट्रीट लाइट, नाली मरम्मत, विशेष सफाई और 8-10 जगह पेजयल पाइपलाइन लीकेज ठीक करने की उठी मांग; सड़कों के गड्ढों से राहत देने का आग्रह
कठूमर / दिनेश लेखी
कठूमर। रोशनी के पावन पर्व दीपावली को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका कठूमर के वार्ड नंबर 14 की पार्षद आशा कुमारी मीणा वार्डवासियों की समस्याओं को लेकर एक्शन मोड में आ गई हैं। पार्षद ने वार्ड में विशेष सफाई व्यवस्था, क्षतिग्रस्त नालियों की मरम्मत, नई स्ट्रीट लाइटें लगाने और पेयजल पाइपलाइन के लीकेज दुरुस्त कराने की मांग को लेकर नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी (EO) तथा जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) के कनिष्ठ अभियंता (JEN) को मांग पत्र सौंपा है।
सफाई, नाली मरम्मत और मुख्य प्रवेश द्वार के निर्माण की मांग
पार्षद आशा कुमारी मीणा ने बताया कि वार्ड में नियमित सफाई के अभाव में जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं। आगामी दीपावली पर्व को देखते हुए पूरे वार्ड की विशेष सफाई कराई जाए। इसके अलावा, वार्ड के मुख्य रास्तों और गलियों में रोशनी के लिए नई स्ट्रीट लाइटें लगाने, बंद पड़ी हाईमास्ट लाइटों को ठीक कराने और जल जीवन मिशन के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत कराने का आग्रह किया गया है। साथ ही, वार्ड के सौंदर्यीकरण और सुरक्षा के लिए मुख्य प्रवेश द्वार निर्माण की मांग भी रखी गई है।
8 से 10 जगह लीकेज, व्यर्थ बह रहा हजारों लीटर पानी
जलदाय विभाग को दिए गए मांग पत्र में पार्षद ने मुख्य पेयजल पाइपलाइन के रिसाव पर गंभीर चिंता जताई।
-
पेयजल संकट: वार्ड नंबर 14 में करीब 8 से 10 स्थानों पर पाइपलाइन लीकेज होने के कारण हजारों लीटर पानी व्यर्थ बह जाता है, जिससे आगे के घरों में पानी का प्रेशर कम हो जाता है।
-
सड़कों का नुकसान: लीकेज का पानी सड़कों पर भरने से गंदगी फैल रही है और सड़कें टूटकर गड्ढों में तब्दील हो रही हैं, जिससे आवागमन में दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
"दीपावली हमारा प्रमुख त्योहार है। नगर पालिका और जलदाय विभाग के अधिकारी प्राथमिकता के आधार पर त्योहार से पहले सभी समस्याओं का समाधान कर वार्डवासियों को राहत प्रदान करें।"— आशा कुमारी मीणा, पार्षद - वार्ड नंबर 14, कठूमर

