डिजिटाइजेशन को गति देकर शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करे -उत्सव कौशल
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कुम्हेर-कामां-पहाड़ी का सघन दौरा कर बीएलओ को दिए स्पष्ट निर्देश
डीग (नीरज जैन) ।'विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026' को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी उत्सव कौशल ने शुक्रवार को स्वयं जमीनी स्तर पर मोर्चा संभालते हुए कुम्हेर और कामां तहसीलों के विभिन्न क्षेत्रों का सघन निरीक्षण किया।
कौशल ने सुपावस, सिकरोरी, कनवाड़ा, रारह, संता का नगला, चकमीना, भाग संख्या 89,90, 93, 94 तहसील कामां, एसडीओ ऑफिस कामां ,तहसील पहाड़ी, एसडीओ ऑफिस पहाड़ी का निरीक्षण किया। इस दौरान उप निर्वाचन अधिकारी डीग राजकुमार कस्वां, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कुम्हेर श्रेष्ठा श्री और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कुम्हेर मुकेश कुमार गोयल भी उनके साथ मौजूद रहे।
बीएलओ को डोर-टू-डोर सत्यापन के निर्देश -
निरीक्षण के दौरान, जिला निर्वाचन अधिकारी उत्सव कौशल ने सुपावास में डिजिटाइजेशन प्रक्रिया में और अधिक गति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को प्रोत्साहित करते हुए गणना प्रपत्र के कलेक्शन की संख्या बढ़ाने और गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने को कहा। कौशल ने सिकरोरी में डिजिटाइजेशन सेल का भी औचक निरीक्षण किया।उन्होंने भाग संख्या तीन के सभी बीएलओ को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे डोर-टू-डोर जाकर मतदाताओं को व्यक्तिगत रूप से समझाएं और गणना प्रपत्र अधिक से अधिक वितरित करें।
कार्यप्रगति बढ़ाने के लिए वॉलिंटियर नियुक्ति के निर्देश -
जिला कलेक्टर कौशल ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि यदि किसी भी बूथ लेवल अधिकारी की क्षमता बढ़ाने की आवश्यकता हो, तो कार्य में तेजी लाने के लिए सहायक टीम और वॉलिंटियर की तत्काल नियुक्ति की जाए। उन्होंने सभी बीएलओ को अपनी प्रगति रिपोर्ट बढ़ाने और अपने निर्धारित क्षेत्र में रहकर प्रपत्रों की संख्या के वितरण संख्या को बढ़ाने के निर्देश दिए। अपने दौरे के दौरान कौशल ने गांव-गांव जाकर आम मतदाताओं से सीधी बातचीत की, उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें 'विशेष गहन पुनरीक्षण' अभियान के महत्व के बारे में जागरूक किया।
4 दिसम्बर तक जारी रहेगा सूक्ष्म सत्यापन अभियान
जिला निर्वाचन अधिकारी कौशल ने बताया कि यह महत्वपूर्ण अभियान 4 नवम्बर से 4 दिसम्बर तक चलाया जा रहा है। इस अवधि में, सभी बीएलओ अपने-अपने क्षेत्र में घर-घर जाकर मतदाताओं के नाम, पता, आयु और अन्य सभी महत्वपूर्ण विवरणों का सूक्ष्म सत्यापन कर रहे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह प्रक्रिया मतदाता सूची की शत-प्रतिशत शुद्धता सुनिश्चित करने की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि 'विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026' राज्य की लोकतांत्रिक प्रणाली को और अधिक मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है, जिसका मुख्य उद्देश्य मतदाता को सूची में सम्मिलित करना है।
मतदाताओं के लिए ऑनलाइन गणना फॉर्म भरने की सुविधा
जिला निर्वाचन अधिकारी कौशल ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि निर्वाचन विभाग ने प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए ऑनलाइन गणना फॉर्म भरने का विकल्प भी उपलब्ध कराया है। उन्होंने मतदाताओं से इस सुविधा का अधिकाधिक उपयोग करने का आग्रह किया। कोई भी मतदाता voters.eci.gov.in पोर्टल पर जाकर सीधे अपना गणना प्रपत्र भर सकता है। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन भरे गए फॉर्म सीधे संबंधित बीएलओ को प्राप्त हो जाते हैं, जिससे मतदाता को दोबारा फॉर्म भरने की आवश्यकता नहीं रहती और प्रक्रिया भी तेजी से पूरी होती है।