अम्बेडकर डीबीटी वाउचर योजना के लिए आवेदन शुरू, 30 नवंबर तक मिलेगा मौका
एससी, एसटी, एमबीसी, ओबीसी व ईडब्ल्यूएस वर्ग के विद्यार्थी कर सकेंगे आवेदन
खैरथल (हीरालाल भूरानी) जिला मुख्यालय स्थित राजकीय महाविद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की अम्बेडकर डीबीटी वाउचर योजना के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। योजना का लाभ लेने के इच्छुक पात्र विद्यार्थी 30 नवंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे।
जिला परिवीक्षा एवं समाज कल्याण अधिकारी महेंद्र कुमार ने बताया कि योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन पोर्टल 15 अक्टूबर से खोल दिया गया है। आवेदन करने वाले विद्यार्थियों के माता-पिता अथवा अभिभावक की वार्षिक आय में अभ्यर्थी की आय (यदि कोई हो) को शामिल किया जाएगा। पात्रता के लिए श्रेणीवार आय सीमा निर्धारित की गई है। इसके तहत अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) एवं अति पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों के परिवार की वार्षिक आय 2.50 लाख रुपए, अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए 1.50 लाख रुपए तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए एक लाख रुपए से अधिक नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि पात्र एवं इच्छुक विद्यार्थी ई-मित्र केंद्र या अपनी एसएसओ आईडी के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। एसएसओ आईडी से जनाधार कार्ड के जरिए राजस्थान सरकार के एसएसओ पोर्टल sso rajasthan.gov.in तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के एसजेएमएस पोर्टल sjms.rajasthan.gov.in पर आवेदन की सुविधा उपलब्ध है।

