ताला तोड़कर चोरी करने वाले दो आरोपी दबोचे: पूछताछ में मोटरसाइकिल चोरी और अन्य नकबजनी भी कबूल
बावड़ी में बड़ी नकबजनी का खुलासा, खेड़ापा पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
बावड़ी (जोधपुर) मिश्रीलाल लखारा। खेड़ापा थाना पुलिस ने कस्बा बावड़ी में हाल ही में हुई बड़ी नकबजनी की वारदात का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर यह सफलता हासिल की है। आरोपियों ने पूछताछ में बावड़ी कस्बे की पूर्व में हुई दो-तीन अन्य नकबजनी और एक बाइक चोरी की घटना भी स्वीकार की है।
एसपी (जोधपुर ग्रामीण) पंकज के निर्देशन और थानाधिकारी लाखाराम के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मामला दर्ज कर अणदाराम (19) निवासी डावोला का बास (बावड़ी) और सुनील (24) निवासी सेवकी कल्ला को गिरफ्तार किया।
दुकान का ताला तोड़कर उड़ाया था कीमती सामान
उल्लेखनीय है कि 29 जुलाई की मध्यरात्रि को बावड़ी मुख्य बाजार में सुरेश पुत्र सत्यनारायण की किराना दुकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोर घी, तेल, ड्राई फ्रूट्स सहित भारी मात्रा में महंगा सामान चुरा ले गए थे। कस्बे में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से आक्रोशित होकर व्यापारियों ने हाल ही में बाजार बंद रखकर धरना भी दिया था।
जांच टीम की मुस्तैदी से चढ़े हत्थे
मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी भोपालसिंह लाखावत और वृत्ताधिकारी भंवरलाल बुनकर के सुपरविजन में गठित टीम ने बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। संदिग्धों की पहचान कर पुलिस ने दोनों आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस अब आरोपियों से चुराए गए माल की बरामदगी और अन्य वारदातों के संबंध में कड़ाई से पूछताछ कर रही है।
इस कार्रवाई में थानाधिकारी लाखाराम, एसआई चिमनाराम, रामकरण सिंह, कांस्टेबल सुरेन्द्र ग्वाला, हरिराम एवं महेन्द्रसिंह की प्रमुख भूमिका रही।

