भरतपुर में पेंशनर्स के लिए जरूरी सूचना: नवम्बर माह तक जीवन प्रमाण पत्र जमा कराना अनिवार्य, अन्यथा रुकेगी पेंशन
भरतपुर, कौशलेन्द्र दत्तात्रेय / 10 नवम्बर
राजस्थान सिविल सेवा (पेंशन) नियम, 1996 के नियम 134 के प्रावधानों के तहत राज्य के सभी पेंशनर्स और पारिवारिक पेंशनर्स के लिए हर साल नवम्बर माह में जीवन प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होता है। इसी क्रम में पेंशन निदेशालय ने वर्ष 2026 के लिए जीवन प्रमाण पत्र जमा कराने की अंतिम तिथि 30 नवम्बर, 2026 तय की है।
अतिरिक्त निदेशक पेंशन आशापाल मौर्य ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय-सीमा के भीतर जीवन प्रमाण पत्र प्रस्तुत नहीं किया जाता है, तो संबंधित पेंशनर्स को माह नवम्बर 2026 की पेंशन का भुगतान नहीं किया जाएगा। पेंशनर्स को किसी भी प्रकार की असुविधा से बचाने के लिए विभाग ने जीवन प्रमाण पत्र जमा कराने के कई आसान विकल्प उपलब्ध कराए हैं।
जीवन प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने के प्रमुख माध्यम:
- ऑनलाइन माध्यम: राज्य के किसी भी राजपत्रित अथवा अराजपत्रित कर्मचारी (चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को छोड़कर) द्वारा IFMS 3.0 की SSO ID के जरिए ऑनलाइन जीवन प्रमाण पत्र प्रस्तुत किया जा सकता है।
- व्यक्तिगत उपस्थिति: पेंशनर्स पेंशन निदेशालय, संबंधित क्षेत्रीय पेंशन कार्यालय, कोषालय या उप कोषालय में स्वयं उपस्थित होकर अपना जीवन प्रमाण पत्र जमा करवा सकते हैं।
- ई-मित्र केंद्र: पेंशनर्स अपनी सुविधा के अनुसार नजदीकी ई-मित्र केंद्र पर जाकर जीवन प्रमाणन सुविधा के माध्यम से भी इसे प्रस्तुत कर सकते हैं।
पेंशनर्स से विशेष अपील:
पेंशन निदेशालय ने सभी पेंशनर्स और पारिवारिक पेंशनर्स से अपील की है कि वे अंतिम तिथि (30 नवम्बर, 2026) का इंतजार किए बिना समय रहते अपना जीवन प्रमाण पत्र प्रस्तुत करें, ताकि पेंशन के सुचारु भुगतान में किसी प्रकार की बाधा न आए।

