राजगढ़ क्षेत्र में धूमधाम से मनाया गया भाई दूज, बहनों ने भाइयों को तिलक कर मांगी लंबी उम्र
स्नेह और विश्वास का प्रतीक भाई दूज का पर्व हर्षोल्लास से संपन्न, बहनों ने भाइयों को तिलक कर की लंबी उम्र की कामना
राजगढ़ (अलवर) - अनिल कुमार गुप्ता:
राजगढ़ कस्बे सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह का प्रतीक भाई दूज का पर्व पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर क्षेत्र भर में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
कहानियां सुनकर और अर्घ्य देकर की पूजा:
त्योहार के पावन अवसर पर बहनों ने विधि-विधान से यमराज और भगवान गणेश जी महाराज की कथाएं सुनीं। इसके पश्चात सूर्य देव को अर्घ्य देकर अपने भाइयों को तिलक लगाया और कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा। बहनों ने पूरी श्रद्धा के साथ ईश्वर से अपने भाइयों की कुशलता, अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की।
भाइयों ने दिए उपहार और आशीर्वाद:
बहनों के स्नेह और आशीर्वाद से अभिभूत भाइयों ने भी उन्हें स्रेहस्वरूप नकदी, वस्त्र और सुंदर उपहार भेंट किए। इस दौरान परिवार में मिठाइयों की मिठास के साथ उत्सव का माहौल नजर आया। भाई-बहन के इस पवित्र रिश्ते के पर्व ने पूरे क्षेत्र में आत्मीयता और खुशियों के रंग बिखेर दिए।

