विकसित भारत जन सेवा अभियान: हिंगोला में 'आंगन मिलन सेवा' कार्यक्रम आयोजित, कार्यकर्ताओं का सम्मान और गर्भवती महिलाओं की हुई गोद भराई
तखतगढ़ / हिंगोला (बरकत खा)
तखतगढ़ क्षेत्र के हिंगोला स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत 'आंगन मिलन सेवा' कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान गोगरा ग्राम पंचायत के हिंगोला गांव की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं आशा सहयोगिनियों का सार्वजनिक रूप से अभिनंदन किया गया, साथ ही गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म भी पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुई।
तिलक व माला पहनाकर कार्यकर्ताओं का किया सम्मान
समारोह के दौरान सुपरवाइजर प्रिया शर्मा ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा सहयोगिनियों को तिलक लगाकर व मालाएं पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं को धरातल पर बेहतर ढंग से लागू करने पर विशेष बल दिया।
मंगल गीतों के साथ हुई गोद भराई
कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं को पारंपरिक रूप से चुनरी ओढ़ाकर एवं फल-मिठाई भेंट कर गोद भराई की गई। उपस्थित महिलाओं ने जच्चा-बच्चा के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करते हुए पारंपरिक मंगल गीत गाए, जिससे माहौल उत्सवमय हो गया।
25 से 27 सितंबर तक चल रहा है अभियान
सुपरवाइजर प्रिया शर्मा ने बताया कि विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत 25 से 27 सितंबर तक जिले भर के आंगनवाड़ी केंद्रों पर 'आंगन मिलन सेवा' कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य व पोषण सेवाएं दे रही कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करना है।
कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक इंदू सैनी ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता जशोदा मेघवाल और कैलाश कंवर का स्वागत किया। कोसेलाव सेक्टर के हिंगोला में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान जोवताराम देवासी, अमरसिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और महिलाएं उपस्थित रहीं।

