गोविंदगढ़ में तूफान से 18 भेड़ों की मौतः बाड़े की दीवार गिरने से मलबे में दबीं, पशुपालक को भारी नुकसान एक्सीडेंट
अलवर जिले के गोविंदगढ़ क्षेत्र के मारकपुर गांव में बीती देर रात तेज आंधी-तूफान और बारिश के कारण एक बाड़े की दीवार गिर गई। इस हादसे में बाड़े में बंद 18 भेड़ों की मलबे में दबकर मौत हो गई।
भेड़ पालक रमेश चंद्र गुर्जर ने अपनी भेड़ों को रोज की तरह बाड़े में बंद किया था। देर रात आए भीषण आंधी-तूफान और बारिश के दबाव से बाड़े की दीवार ढह गई और भेड़ों के ऊपर गिर गई। बारिश रुकने के बाद जब रमेश बाड़े की ओर गया, तो उसने दीवार को गिरा हुआ और चारों तरफ मलबा देखा।
ग्रामीण अजीराम गुर्जर ने बताया कि रमेश एक गरीब पशुपालक है और ये भेड़ें ही उसकी आजीविका का मुख्य साधन थीं। इस दुर्घटना में 18 भेड़ों की मौत से रमेश को लगभग 2 लाख रुपये से अधिक का आर्थिक नुकसान हुआ है। बाड़ा भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।
हादसे की सूचना मिलने पर शनिवार सुबह तहसील प्रशासन हरकत में आया। हल्का पटवारी बबली ने तुरंत मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया और विस्तृत रिपोर्ट तैयार की। प्रशासन की ओर से पीड़ित किसान को आपदा राहत कोष के तहत नियमानुसार हर संभव सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया गया है।


