मीना समाज के 7वें प्रतिभावान सम्मान समारोह का हुआ आयोजन, 210 मेधावी विद्यार्थी हुए सम्मानित
नारायणपुर (भारत कुमार शर्मा) कस्बे के पुरुषोत्तम दास आश्रम में रविवार को आदिवासी मीना सेवा समिति वाल क्षेत्र द्वारा 7वाँ प्रतिभावान सम्मान समारोह बड़े ही हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महामंडलेश्वर जनार्दन दास महाराज ने मीन भगवान के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में थानागाजी विधायक कांति प्रसाद मीणा उपस्थित रहे। वहीं पूर्व आईआरएस केसी घुमरिया, आईआरएस चन्द्रप्रकाश मीणा, ज्वाइंट कमिश्नर घनश्याम मीणा, आरपीएस भागचंद मीणा, विकास अधिकारी राजबाला मीणा सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने समारोह की गरिमा बढ़ाई। आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों का माला व साफा पहनाकर भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम के दौरान मीना समाज के 210 मेधावी विद्यार्थियों एवं राजकीय सेवाओं में चयनित अभ्यर्थियों को गोल्ड, सिल्वर व ब्रॉन्ज मेडल के साथ-साथ प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बालिकाओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी गई। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विधायक कांति प्रसाद मीणा ने कहा कि समाज का भविष्य शिक्षा और संस्कारों पर आधारित है। आज के बच्चे आधुनिकता की दौड़ में अपनी मूल संस्कृति को भूलते जा रहे हैं, ऐसे में अभिभावकों को चाहिए कि वे बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ अच्छे संस्कार भी दें। इस मौके पर कार्यक्रम में मौजूद अतिथि डॉ. सुरेश मीणा, अंजू जयसिंह मीणा, नोडल अधिकारी मूलचंद मीणा, डॉ. सरोज मीणा , थाना प्रभारी ओमप्रकाश मीणा, एबीडीओ गिर्राज मीणा व डेलीगेट रेखा मीणा ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ दीं और समाज में एकजुटता बनाए रखने का संदेश दिया। मंच संचालन अविनाश एवं रामशरण मीणा द्वारा किया गया। समिति अध्यक्ष मातादीन मीणा, बुद्धराम मीणा, रत्तीराम मीणा, श्रवणलाल, पीटीआई सुमेर सिंह, मुरारीलाल, अशोक ज्ञानपुरा, सीताराम दौलतराम मीणा, नत्थूमल मीणा, संतोष मीणा सहित बड़ी संख्या में मीना समाज के लोग समारोह में उपस्थित रहे।


