पाइप लाइन खुदाई के दौरान हुआ हादसा: 10 लोग मिट्टी में दबे 4 की मौत
भरतपुर (कोशलेन्द्र दत्तात्रेय) चम्बल प्रोजेक्ट की पाइप लाइन डालने के दौरान मिट्टी ढहने से एक ही परिवार के 10 लोग मिट्टी में दब गये। इस हादसे में 3 महिला और 1 युवक की मौत हो गई। साथ ही 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा गहनौली थाना क्षेत्र में रविवार सुबह करीब 8.30 बजे हुआ। थानाधिकारी विजय सिंह ने बताया कि जंगी का नगला के पास पाइप लाइन डालने के लिए खुदाई की जा रही है। खुदाई में निकलने वाली मिट्टी को भरने के लिए फतेहपुर सीकरी (उत्तर प्रदेश) के रहने वाले करीब 10 लोग आए थे। सभी उट्टू गांव के रहने वाले हैं। मिट्टी भरने के दौरान यह हादसा हो गया।
करीब 10 फीट गहरे गढ्ढे में उतरे थे- जानकारी के अनुसार साइट पर करीब 10 फीट की खुदाई हुई है। ये सभी लोग इसी गढ्ढे में उतरे थे। इसी दौरान मिट्टी भरभराकर उनके ऊपर गिर गई। हादसे की सूचना पर पहुंचे जिला प्रशासन एवं ग्रामीणों ने मिट्टी में दबे 6 लोगों को बाहर निकाला। इनमें से 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं 1 महिला ने चिकित्सालय में दम तोड दिया। मृतकों की पहचान अनुकूल उम्र 22 बर्ष, योगेश कुमारी उम्र 25 बर्ष, विनोद देवी उम्र 55 बर्ष, एवं विमला देवी उम्र 45 बर्ष के तौर पर हुई है। वहीं दिनेश उम्र 38 वर्ष पुत्र नाहर सिंह और जयश्री उम्र 50 वर्ष पत्नी विजेन्द्र घायल हैं।
2 लोगों का उपचार जारी ....जिला कलेक्टर
जिला कलेक्टर कमर उल जमान चौधरी ने बताया कि हादसे वाली साइट से 6 लोगों का रेस्क्यू किया था। इनमें से 4 लोगों को परिजन रास्ते में ही प्राइवेट हॉस्पिटल ले गए। 2 को आरबीएम चिकित्सालय में डेड घोषित कर दिया।अब तक मिली जानकारी के अनुसार कुल 4 लोगों की मौत हुई है।दो लोगों का इलाज जारी है।

