भगवान जगन्नाथ महाराज के हुए दर्शन ध्वजारोहण के साथ मेले की तैयारियां शुरू
अलवर (अनिल गुप्ता) अलवर के भगवान जगन्नाथ जी के मंदिर पर ध्वजारोहण के साथ तीन दिन के अंतराल के बाद भगवान जगन्नाथ जी के दूल्हे के रूप में भव्य दर्शन हुए जिन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन कर पूजा अर्चना की और भक्तिभाव से वातावरण को गुंजायमान कर दिया। गौरतलब रहे कि तीन दिन के विश्राम के बाद आज भगवान ने अपने दूल्हे रूप में भक्तों को दर्शन दिए। इस अवसर पर विशेष भजन संध्या का आयोजन किया गया। गुरुवार की शाम को सीताराम जी महाराज की सवारी जगन्नाथ मंदिर सुभाष चौक से रूपवास के लिए रवाना होगी, जिसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। वहीं शुक्रवार को भगवान जगन्नाथ जी की भव्य रथ यात्रा निकाली जाएगी जो बैंड-बाजे के साथ शहर के विभिन्न भागों से होती हुई रूपवास पहुंचेगी। रथ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है।

