राजगढ़: राउप्रावि नीमला में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित, छात्र-छात्राओं को मिले कानूनी अधिकारों के टिप्स
राजगढ़ (अलवर) अनिल कुमार गुप्ता : तालुका विधिक सेवा समिति, राजगढ़ के तत्वावधान में क्षेत्र के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, नीमला में एक विशेष विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर तालुका विधिक सेवा समिति की सचिव एवं अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश, राजगढ़ के निर्देशानुसार आयोजित किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और जरूरतमंदों तक कानूनी जानकारी पहुंचाना था।
विभिन्न कानूनों और योजनाओं पर दी गई जानकारी शिविर के दौरान पैनल लॉयर (PLV) शिवकांत ने उपस्थित छात्र-छात्राओं से संवाद किया और उनकी विभिन्न समस्याओं को सुनकर उन्हें आवश्यक कानूनी परामर्श प्रदान किया। इस अवसर पर नालसा (NALSA) गरीबी उन्मूलन योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और जरूरतमंद व्यक्तियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के बारे में विस्तार से बताया गया।
इसके साथ ही, कार्यक्रम में नागरिकों को उनके मौलिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ 'निःशुल्क विधिक सहायता' और 'स्थाई लोक अदालत' की कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई। वर्तमान सामाजिक परिदृश्य को ध्यान में रखते हुए विशेष रूप से बाल विवाह निषेध अभियान और 'पोक्सो एक्ट' (POCSO Act) के प्रावधानों के बारे में भी विद्यार्थियों को बारीकी से समझाया गया, ताकि वे अपने अधिकारों और सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सजग रह सकें।

