राजगढ़: आदर्श सीएचसी पिनान बदहाल, 400 से अधिक ओपीडी और सिर्फ एक डॉक्टर के भरोसे इलाज
पिनान (अलवर) अनिल कुमार गुप्ता : दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के सबसे नजदीक रैणी ब्लॉक के आदर्श सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पिनान में इन दिनों चिकित्सा व्यवस्थाएं पूरी तरह चरमरा गई हैं। अस्पताल में प्रतिदिन 400 से अधिक मरीजों की भारी ओपीडी होने के बावजूद, यहां मरीजों के इलाज की पूरी जिम्मेदारी महज एक डॉक्टर के कंधों पर टिकी हुई है।
चिकित्सकों की भारी कमी के चलते अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को घंटों अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है, जिससे उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पिनान क्षेत्र के अलावा दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर होने वाले सड़क हादसों के घायलों और आसपास के दर्जनों गांवों के गंभीर मरीजों के लिए यह सीएचसी एकमात्र और बेहद महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र है। इसके बावजूद पर्याप्त चिकित्सक तैनात न होने से स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
ग्रामीणों और समाजसेवियों ने जताई चिंता क्षेत्रीय निवासी व समाजसेवी शैलेन्द्र मीना और आशुतोष गर्ग ने चिंता व्यक्त करते हुए बताया कि एक तरफ अस्पताल में रोजाना सैंकड़ों मरीज इलाज की उम्मीद लेकर पहुंच रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ डॉक्टरों का अकाल होने के कारण उन्हें समय पर उचित चिकित्सा सुविधा नहीं मिल पा रही है। एक्सप्रेसवे के नजदीक स्थित होने के कारण यहां सड़क दुर्घटनाओं के घायलों को तुरंत आपातकालीन चिकित्सा मिलना अत्यंत आवश्यक है, लेकिन मौजूदा हालात इसके विपरीत हैं। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग से तत्काल प्रभाव से सीएचसी पिनान में पर्याप्त चिकित्सकों की नियुक्ति करने और चिकित्सा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की पुरजोर मांग की है।
अधिकारियों का पक्ष: इस संबंध में रैणी के ब्लॉक सीएमओ (BCMO) डॉ. रामस्वरूप मीना का कहना है कि ब्लॉक में कोई भी चिकित्सक अतिरिक्त रूप से उपलब्ध नहीं है। इस गंभीर समस्या से उच्चाधिकारियों को पत्राचार के माध्यम से अवगत करा दिया गया है।

