जिले में स्कूली स्तर पर शुरू हुआ स्वच्छ मुख एवं स्वास्थ्य अभियान
खैरथल (हीरालाल भूरानी) स्कूली बच्चों में मुख एवं दंत रोगों के प्रति जागरूकता को बढ़ाने के लिए एक नवाचार स्वच्छ मुख एवं स्वास्थ्य अभियान की शुरुआत की गई है। इस अभियान की शुरुआत जलि में पीएम श्री नवोदय विद्यालय खैरथल एवं राजकीय सीनियर सैकण्डरी स्कूल मुंडावर से की गई है। इसका निरीक्षण जिला कलक्टर के निर्देशन में जिला स्तरीय चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम एवं उपखंड अधिकारी किशनगढ़बास ने किया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरविंद गेट ने बताया कि इस नवाचार के अंतर्गत जिले के विभिन्न विद्यालयों में स्कूली बच्चों की मुख एवं दंत रोगों की प्रारंभिक स्क्रीनिंग कर उन्हें समय रहते उचित परामर्श एवं उपचार के लिए चिन्हित किया जा रहा है। इस अभिनव पहल के तहत जिले के समस्त सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों की मुख एवं स्वास्थ्य का परीक्षण दंत रोग विशेषज्ञ की टीम की ओर से किया जाएगा। इस कार्यक्रम में जांच के तहत दांतों में कीड़ा लगना, मसूड़े की सूजन, सांस की दुर्गध, बार-बार मुख में छालों का होना एवं सभी प्रकार की मुख संबंधी बीमारियों की पहचान की जाएगी। साथ ही बच्चों को ब्रशिंग टेक्निक एवं संतुलित आहार और दैनिक जीवन में ओरल हाइजीन की आदतों पर भी मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। यह नवाचार बच्चों के शारीरिक विकास के साथ-साथ उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को भी बढ़ावा देगा। यह अभियान शिक्षा विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त सहयोग से पूरे जिले के विद्यालयों में संचालित किया जाएगा। जिला प्रशासन का यह अभिनव प्रयास बच्चों के समग्र स्वास्थ्य के लिए एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा। प्रोग्राम के नोडल डॉ. ललित शर्मा ने बताया बचपन से ही मुख स्वच्छता की आदतें विकसित करने से जीवन भर दंत रोगों से बचा जा सकता है एवं इस पहल से बच्चों को समय समय पर मार्गदर्शन देकर संपूर्ण स्वास्थ्य सुधारने की दिशा में कार्य किया जाएगा।

