नांगल उदिया 33 केवी फीडर का ट्रांसफार्मर जलाः कई गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित, कामकाज प्रभावित
मुंडावर (देवराज मीना) मुंडावर क्षेत्र के जसाई ग्राम पंचायत स्थित नांगल उदिया गांव में 33 केवी फीडर का ट्रांसफार्मर जल गया है। इस घटना के कारण किसानों और ग्रामीणों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
जसाई के सरपंच पंडित वीरू शर्मा ने बताया कि बिजली आपूर्ति बाधित होने से सबसे अधिक परेशानी विद्यार्थियों को हो रही है। वर्तमान युग में अधिकांश कार्य बिजली पर निर्भर होने के कारण दैनिक कामकाज में भी बाधा आ रही है।
इस बिजली कटौती से मुंडवाड़ा, शहजादपुर, जसाई, सराय, फुसापुर, सिरोड़ खुर्द, नाथू की ढाणी और गुर्जरों की ढाणी सहित कई गांव और ढाणियां प्रभावित हुई हैं। इन क्षेत्रों में बिजली गुल होने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने जयपुर विद्युत निगम के उच्च अधिकारियों से जल्द से जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की है ताकि बिजली आपूर्ति बहाल हो सके और उनकी परेशानियां कम हों।